विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची से बेंगलुरु के बीच रोजाना ट्रेन की उम्मीद जगी, रेल मंडल ने भेजा प्रस्ताव; रक्षा राज्य मंत्री ने भी किया समर्थन

Published: Fri, 17 Jul 2026 07:10 AM (IST)

रांची से बेंगलुरु के लिए रोजाना सीधी ट्रेन न होने से यात्रियों को टिकट, लंबी वेटिंग की समस्या का सामना ...और पढ़ें

रांची रेल मंडल ने वेल्लोर होते हुए अतिरिक्त ट्रेन चलाने का भेजा है प्रस्ताव।

रांची रेल मंडल ने वेल्लोर होते हुए अतिरिक्त ट्रेन चलाने का भेजा है प्रस्ताव।

HighLights

  1. रांची-बेंगलुरु सीधी ट्रेन सेवा सप्ताह में केवल तीन दिन उपलब्ध।

  2. डीआरएम ने कहा- प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा गया है।

  3. रांची रेल मंडल ने वेल्लोर होते हुए अतिरिक्त ट्रेन की मांग की है।

जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड से बेंगलुरु जाने वाले हजारों यात्रियों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। वर्षों से रोजाना सीधी ट्रेन की मांग के बीच रांची रेल मंडल ने वेल्लोर होते हुए बेंगलुरु तक अतिरिक्त ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे मुख्यालय को भेजा है।

खास बात यह है कि इस पहल को रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ का भी समर्थन मिला है। प्रस्ताव पर मुख्यालय स्तर पर विचार चल रहा है। यदि इसे मंजूरी मिलती है तो आईटी प्रोफेशनल, छात्र, मरीज, कामगार और व्यवसायियों सहित दक्षिण भारत जाने वाले हजारों यात्रियों की बड़ी परेशानी दूर हो सकती है।

वर्तमान में हटिया से सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल (एसएमवीटी), बेंगलुरु के लिए सप्ताह में केवल तीन दिन ही सीधी ट्रेन उपलब्ध है। हटिया-एसएमवीटी बेंगलुरु सुपरफास्ट एक्सप्रेस मंगलवार और रविवार को चलती है, जबकि हटिया-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस शनिवार को संचालित होती है।

यानी सोमवार, बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को रांची या हटिया से बेंगलुरु के लिए कोई सीधी रेल सेवा नहीं है। इसका सबसे अधिक असर उन यात्रियों पर पड़ता है, जिन्हें नौकरी, पढ़ाई, इलाज या व्यावसायिक कारणों से तत्काल यात्रा करनी होती है।

सीमित ट्रेनों के कारण टिकट खुलते ही लंबी प्रतीक्षा सूची बन जाती है। मजबूरी में कई यात्रियों को दूसरे शहरों से ट्रेन पकड़नी पड़ती है या फिर आठ से दस हजार रुपये तक का महंगा हवाई टिकट लेना पड़ता है, जो हर किसी के लिए संभव नहीं है।

इसी समस्या को देखते हुए रांची रेल मंडल ने मुख्यालय को वेल्लोर होते हुए बेंगलुरु तक अतिरिक्त ट्रेन चलाने का प्रस्ताव भेजा है। यदि यह प्रस्ताव स्वीकृत होता है तो बेंगलुरु के साथ-साथ वेल्लोर स्थित सीएमसी अस्पताल में इलाज के लिए जाने वाले झारखंड के मरीजों को भी बड़ी राहत मिलेगी।

रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ ने कहा कि रांची से बेंगलुरु के लिए अतिरिक्त ट्रेन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। इस संबंध में रेलवे के समक्ष प्रस्ताव रखा गया है और यात्रियों को बेहतर सुविधा दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

मंडल रेल प्रबंधक करुणानिधि सिंह ने बताया कि अतिरिक्त ट्रेन परिचालन का प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा गया है और मामला फिलहाल विचाराधीन है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर दक्षिण भारत की यात्रा पहले की तुलना में कहीं अधिक सुगम और सुविधाजनक हो सकेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।