रांची में दो दिन की बारिश के बाद हवा हुई साफ, एक्यूआई 32 पर पहुंचा; दीपावली से बढ़ गया था प्रदूषण
दो दिनों की हल्की बारिश के बाद रांची की वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है, जिससे एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 172 से गिरकर 32 पर आ गया है। हालांकि, पर्यावरणविदों ने चेतावनी दी है कि यह राहत अस्थायी है और प्रदूषण के मूल कारण अभी भी मौजूद हैं।

रांची का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) गिरकर 32 पर पहुंच गया, जो माडरेट श्रेणी में आता है।
HighLights
बारिश ने रांची की हवा को सांस लेने लायक बनाया।
शहर का एक्यूआई 172 से घटकर 32 पर पहुंचा।
विशेषज्ञों के अनुसार यह वायु गुणवत्ता सुधार अस्थायी है।
जागरण संवाददाता, रांची। दो दिन से हो रही हल्की बारिश ने राजधानी की हवा को एक बार फिर सांस लेने लायक बना दिया है। शनिवार शाम को रांची का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) गिरकर 32 पर पहुंच गया, जो माडरेट श्रेणी में आता है।
मुख्य प्रदूषक पीएम 2.5 है, लेकिन उसकी मात्रा भी काफी कम हो गई है। रांची में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 32 है, जिसका अर्थ है कि वर्तमान में वायु गुणवत्ता अच्छा है. यदि एक्यूआई 100 से ऊपर है, तो बच्चों, सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए और घर से बाहर कम समय बिताना चाहिए।
इससे पहले 20 नवंबर को रांची का एक्यूआई 172 दर्ज किया गया था, जो खराब श्रेणी के करीब था। जमशेदपुर का 249, धनबाद का 215 और बोकारो का 140 था।
बारिश होती है तो कैसे साफ होती है हवा
विशेषज्ञों के मुताबिक बारिश हवा के लिए नैचुरल वाश की तरह काम करती है। बारिश की बूंदें हवा में तैर रहे धूल के कण पीएम 2.5 और पीएम 10 को अपने साथ जमीन पर बैठा देती हैं। इसलिए बारिश के बाद हवा में मौजूद सूक्ष्म कण कम हो जाते हैं और एक्यूआइ में सुधार होता है। यही वजह है कि दीपावली के बाद भी ऐसा ही हुआ था।
दीपावली पर 190 तक पहुंचा था एक्यूआई, बारिश ने बचाया
दीपावली की रात रांची की हवा सबसे ज्यादा जहरीली हुई थी। वन भवन स्थित मॉनिटरिंग स्टेशन पर पीएम10 का स्तर 989.24 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गया था और एक्यूआइ 190 तक चला गया था। लेकिन बारिश और हल्की हवा के बाद सुबह 10:30 बजे तक पीएम 10 गिरकर 129.94 पर आ गया था।
यानी एक ही रात में प्रदूषण में करीब 85% तक की गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह 7 नवंबर को एक्यूआइ 142-152 था, जो 9 नवंबर को बढ़कर धुर्वा में 193 और दीपाटोली में 191 तक पहुंच गया था।
राहत अस्थायी है, जड़ नहीं मिटी
पर्यावरणविदों का कहना है कि रांची की ऊंचाई, खुले मैदान और हरियाली की वजह से यहां प्रदूषण दिल्ली जैसे शहरों की तुलना में जल्दी छंट जाता है। हल्की हवा भी जमा प्रदूषण को बहा ले जाती है। लेकिन ये राहत अस्थायी है।
बारिश रुकते ही वाहन, निर्माण कार्य की धूल और कचरा जलाने से प्रदूषण फिर बढ़ जाता है।चिकित्सकों की सलाह है कि एक्यूआइ 32 होने के बाद भी बुजुर्ग, बच्चे और अस्थमा के मरीज सुबह-शाम कोहरे में टहलने से बचें। अगले दो दिन 22-23 नवंबर को भी हल्की बारिश की संभावना है, इसलिए हवा साफ रहने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।