विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची एयरपोर्ट ने स्वच्छता और सेवा गुणवत्ता में लगाई लंबी छलांग, राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान हासिल

Published: Mon, 20 Jul 2026 09:01 PM (IST)

रांची का बिरसा मुंडा एयरपोर्ट यात्री सुविधाओं और स्वच्छता में लगातार सुधार कर रहा है। हालिया एएसक्यू सर्वे में इसे ...और पढ़ें

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट यात्री सुविधाओं और स्वच्छता में लगातार सुधार कर रहा।

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट यात्री सुविधाओं और स्वच्छता में लगातार सुधार कर रहा।

HighLights

  1. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट यात्री सुविधाओं, स्वच्छता में अग्रणी।

  2. एएसक्यू सर्वे में 4.96 अंक, देश में तीसरा स्थान।

  3. दिसंबर 2024 से डेढ़ वर्ष में बड़ा सुधार।

जागरण संवाददाता, रांची। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट लगातार बेहतर यात्री सुविधाओं और स्वच्छता के दम पर देश के प्रमुख हवाई अड्डों में अपनी अलग पहचान बना रहा है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव देने के लिए पूरे टर्मिनल भवन में सफाई व्यवस्था को और मजबूत किया है।

एयरपोर्ट के सभी सार्वजनिक क्षेत्रों और यात्रियों के संपर्क में आने वाले टच प्वाइंट्स की आधुनिक मशीनों और उच्च गुणवत्ता वाले क्लीनिंग मशीन से लगातार प्रोफेशनल तरीके से सफाई की जा रही है।

टर्मिनल भवन, प्रवेश और निकास द्वार, चेक-इन काउंटर, सुरक्षा जांच क्षेत्र, प्रतीक्षालय, ट्राली, लिफ्ट, एस्केलेटर, शौचालय, बैगेज क्लेम एरिया और बैठने की व्यवस्था समेत सभी प्रमुख स्थानों की नियमित अंतराल पर सफाई की जा रही है।

जिन स्थानों को यात्री सबसे अधिक छूते हैं, वहां विशेष रूप से बार-बार सफाई और संक्रमणरोधी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। आधुनिक स्क्रबिंग मशीनों और डिसइन्फेक्शन तकनीक के उपयोग से पूरे टर्मिनल को स्वच्छ और आकर्षक बनाए रखा जा रहा है।

राष्ट्रीय स्तर की रैंकिंग में भी सुधार

स्वच्छता के साथ-साथ यात्री सुविधाओं में लगातार सुधार का असर अब राष्ट्रीय स्तर की रैंकिंग में भी दिखाई दे रहा है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के हालिया एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी (एएसक्यू) ग्राहक संतुष्टि सर्वे में बिरसा मुंडा एयरपोर्ट ने 5 में से 4.96 अंक प्राप्त किए हैं। पिछले सर्वे में यह स्कोर 4.95 था।

इस प्रदर्शन के साथ रांची एयरपोर्ट देश के 63 छोटे एवं मध्यम श्रेणी के एयरपोर्ट्स में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। सबसे बड़ी बात यह है कि दिसंबर 2024 के सर्वे में रांची एयरपोर्ट को केवल 4.69 अंक मिले थे और वह शीर्ष-30 एयरपोर्ट्स में भी शामिल नहीं था।

महज डेढ़ वर्ष के भीतर सेवा गुणवत्ता, स्वच्छता, यात्री सुविधा और संचालन में लगातार सुधार के कारण एयरपोर्ट ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी छलांग लगाई है। इस बार रांची ने ग्वालियर, गया, कुल्लू-मनाली, अयोध्या, हुबली, जम्मू, अगरतला, लेह और जबलपुर जैसे कई महत्वपूर्ण एयरपोर्ट्स को पीछे छोड़ दिया।

एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि यात्रियों की सुविधा, स्वच्छ वातावरण और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। यही कारण है कि सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है और यात्रियों की प्रतिक्रिया के आधार पर सुविधाओं में सुधार भी किया जा रहा है। प्रबंधन का लक्ष्य रांची एयरपोर्ट को देश के सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रीय हवाई अड्डों में शामिल करना है।

रैंकिंग में रांची ने दर्ज की बड़ी छलांग

  • एएआई के ग्राहक संतुष्टि सर्वे में 63 एयरपोर्ट्स के बीच मूल्यांकन।
  • रांची एयरपोर्ट को मिले 5 में से 4.96 अंक।
  • देश में संयुक्त तीसरा स्थान हासिल।
  • पिछले सर्वे में मिले थे 4.95 अंक।
  • दिसंबर 2024 में स्कोर था 4.69, तब टाप-30 में भी नहीं था।
  • भोपाल, वडोदरा और जामनगर के साथ तीसरे स्थान पर रहा रांची।

झारखंड के दोनों एयरपोर्ट रांची व देवघर ने बढ़ाया प्रदेश का मान

  • रांची एयरपोर्ट: 4.96 अंक, देश में संयुक्त तीसरा स्थान।
  • देवघर एयरपोर्ट: 4.91 अंक, देश में संयुक्त आठवां स्थान।
  • दिसंबर 2024 में देवघर को मिले थे 4.30 अंक।
  • दोनों एयरपोर्ट्स ने स्वच्छता, यात्री सुविधाओं और सेवा गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार किया।

एयरपोर्ट पर यात्रियों को बेहतर सुविधा और महौल मिले, यह प्रयास है। सुविधाओं में लगातार बढोत्तरी हो रही है। भविष्य में रांची एयरपोर्ट देश के सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रीय हवाई अड्डों में शामिल होने के रास्ते पर है। सफाई, यात्री सुविधाओं में और बढोत्तरी होगी। कई शहरों के लिए सीधी उड़ान शुरू करने को लेकर कार्रवाई चल रही है।
-संजय सेठ, रक्षा राज्य मंत्री एवं विमानपत्तन सलाहकार समिति के अध्यक्ष