Move to Jagran APP

Ranchi: घर लौट रहे 2 सगे युवा भाइयों को टाटा मैजिक ने रौंदा, घटनास्थल पर मौत; आक्रोशित लोगों ने जाम की सड़क

Two Brothers Died in Ranchi Accident चौधरी पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार रात लगभग साढ़े आठ बजे एक अज्ञात टाटा मैजिक ने दो सगे भाइयों को रौंद डाला। बाइक सवार दोनों सगे भाइयों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दोनों भाइयों को रौंदते हुए चालक तेजी से भाग निकला।

By Jagran NewsEdited By: Ashish PandeyPublished: Wed, 08 Feb 2023 02:13 PM (IST)Updated: Wed, 08 Feb 2023 02:13 PM (IST)
घटना के बाद क्षतिग्रस्त बाइक और मृतक छोटा भाई सुधीर (बाएं) बड़ा भाई रणधीर (दाएं)l जागरण

जागरण संवाददाता, रांची: सदर थाना क्षेत्र के रांची-हजारीबाग रोड पर चौधरी पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार की रात लगभग साढ़े आठ बजे एक अज्ञात टाटा मैजिक ने दो सगे भाइयों को रौंद डाला। टाटा मैजिक की चपेट में आने से बाइक सवार दोनों सगे भाइयों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान रणधीर कुमार और सुधीर कुमार के रूप में हुई है। इधर, बाइक सवार को रौंदते हुए चालक टाटा मैजिक को तेजी से भगा ले जाने में सफल रहा।

loksabha election banner

दोनों भाई साथ लौट रहे थे घर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रणधीर बीआइटी क्षेत्र की एक निजी संस्थान से बी-फार्मा कर रहा था, जबकि छोटा भाई सुधीर संत पाल स्कूल से इंटर की पढ़ाई कर रहा था। मृतक के पिता अवधेश यादव पेशे से चालक हैं और महावीर नगर निवासी हैं। दुर्घटना के बाद आनन-फानन में स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने दोनों को मेडिका अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार बड़ा भाई रणधीर कुमार कार का रोड टैक्स जमा कर घर लौट रहा था। इसी दौरान छोटा भाई सुधीर बाल कटवा कर लौटते समय उसके साथ हो लिया। दोनों भाई बाइक से लौट रहे थे, तभी घर से महज 400 मीटर पहले बीआइटी से बूटी मोड़ की ओर तेज गति से आ रही टाटा मैजिक ने दोनों को चपेट में ले लिया। जब तक आसपास के लोग दौड़ते मैजिक चालक तेजी से वाहन चलाते हुए भाग निकला।

आक्रोशित लोगों ने मुख्य मार्ग जाम कर निकाला गुस्सा

घटना की जानकारी मिलते ही जहां चीख-पुकार मचाते हुए स्वजन घटनास्थल पर पहुंचे, वहीं दो जवान भाइयों की मौत के बाद आम लोगों में भी उबाल आ गया। लोगों ने करीब दो घंटे तक रांची-हजारीबाग रोड को जाम कर दिया। लोगों का कहना था कि इस क्षेत्र में आए दिन सड़क हादसों में लोगों की मौत हो रही है। हाल में ही एक दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बाद भी इस मार्ग पर वाहनों के लिए स्पीड लिमिट तय नहीं है। इस अति व्यस्त इलाके में चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं। इधर, जानकारी मिलते ही सदर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। काफी मान-मनौव्वल के बाद लोगों ने जाम हटाया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतार लग गई।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.