इमली के पेड़ के पास बैठे थे तीनों अपराधी, रांची में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम; हथियार के साथ गिरफ्तार
रांची पुलिस ने एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के पोखरटोली मैदान से तीन शातिर अपराधियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

रांची के पोखरटोली मैदान से तीन अपराधी गिरफ्तार। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
रांची के पोखरटोली मैदान से तीन अपराधी गिरफ्तार।
पुलिस ने अवैध पिस्टल, मैगजीन, कारतूस किए बरामद।
जागरण संवाददाता, रांची। रांची पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की विशेष टीम ने एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के पोखरटोली मैदान से तीन शातिर अपराधियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में मैदान में बैठे थे।
पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस संबंध में एयरपोर्ट थाना में कांड संख्या 50/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीकृत किया गया है।
मैदान में इमली पेड़ के पास पुलिस ने दबोचा
एसएसपी को सूचना मिली थी कि पोखरटोली मैदान में दो लड़के अवैध हथियार के साथ किसी वारदात की योजना बना रहे हैं। डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एयरपोर्ट के सामने स्थित पोखरटोली मैदान में इमली पेड़ के पास घेराबंदी की और संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ और जांच के बाद इस मामले में कुल तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों में करण गोप उर्फ करण कुमार (निवासी: हुंडरू, एयरपोर्ट थाना क्षेत्र), आदित्य कुमार (निवासी: हुंडरू, एयरपोर्ट थाना क्षेत्र) और अभिषेक सिंह उर्फ सुल्तान (निवासी: गुरुद्वारा रोड, वीएलडब्ल्यू कॉलोनी, हटिया) शामिल हैं।
दो अभियुक्तों का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार अपराधियों में से दो का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। करण गोप के खिलाफ वर्ष 2025 में डोरंडा थाना में मामला दर्ज है।
वहीं, अभिषेक सिंह उर्फ सुल्तान एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पूर्व में चार मामले दर्ज हैं। इनमें गोंदा थाना में रंगदारी व चोरी (2017), जगरनाथपुर थाना में हत्या के प्रयास व सरकारी कार्य में बाधा (2021), जगरनाथपुर थाना में आर्म्स एक्ट (2023) और जगरनाथपुर थाना में ही रंगदारी व बंधक बनाने (2023) के मामले शामिल हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।