रांची में बीच सड़क पर 12वीं की छात्रा से छेड़खानी, बाल पकड़कर खींचा; जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश
रांची में 12वीं की छात्रा के साथ बीच सड़क पर छेड़खानी और जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश की गई। ...और पढ़ें

बीच सड़क पर बाल खींचे, जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास।
HighLights
12वीं की छात्रा से बीच सड़क पर छेड़खानी।
विरोध करने पर आरोपी ने बाल खींचे, धमकी दी।
लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा।
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी में अकादमी जा रही 12वीं की छात्रा के साथ बीच सड़क पर छेड़खानी और जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश का मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपित ने छात्रा को जान से मारने की धमकी दी और उसके बाल पकड़कर खींचा।
करमटोली चौक से जेल मोड़ के बीच हुई इस घटना के दौरान छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए। लोगों ने आरोपित को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद लालपुर थाना की पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। घटना रविवार की सुबह करीब आठ बजे की है। छात्रा मोरहाबादी के तेतर टोली ब्रिज के पास स्थित चंद्रावती एन्क्लेव में रहती है।
उसका स्थायी पता देवघर के दुखी साह चौक, धानुक टोला में है। वह लालपुर थाना क्षेत्र स्थित खान अकादमी में 12वीं की छात्रा है और बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रही है। छात्रा ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि रविवार सुबह करीब आठ बजे वह अकादमी जाने के लिए निकली थी।
इसी दौरान करमटोली चौक से जेल मोड़ के बीच एक युवक बाइक वाहन से उसका पीछा करने लगा। आरोप है कि युवक ने उसे अपनी बाइक पर बैठने के लिए कहा। छात्रा ने जब इसका विरोध किया तो वह धमकी देने लगा।
विरोध करने पर बाल पकड़कर खींचा, गलत नीयत से छूने का आरोप
छात्रा के अनुसार, बाइक पर बैठने से इनकार करने पर आरोपित ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसके बाल पकड़कर खींचे और गलत नीयत से छूते हुए छेड़खानी करने लगा। अचानक हुई इस घटना से छात्रा घबरा गई, लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और आसपास के लोगों से मदद मांगी।
छात्रा की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को जुटते देख आरोपित भाग नहीं सका। स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पूछताछ शुरू की। इस दौरान युवक ने अपना नाम गोलू कुमार और पिता का नाम संजय सिंह बताया। वह बिहार के भोजपुर का रहने वाला बताया गया है।
