Jharkhand politics: रामनवमी जुलूस की अनुमति के सवाल पर बवाल... झारखंड विधानसभा में भिड़ गए पक्ष-विपक्ष के विधायक
Jharkhand news झारखंड विधानसभा में रामनवमी जुलूस को लेकर जमकर विवाद हुआ। सत्ता व विपक्ष के विधायकों के बीच हो हंगामा देखते बन रहा था। भाजपा के विधायक भानु प्रताप शाही ने सरकार को हिंदू धर्म विरोधी बताया।
रांची, राज्य ब्यूरो। राज्य में रामनवमी जुलूस की अनुमति के सवाल पर बुधवार को सदन में पक्ष व विपक्ष के विधायकों में तकरार हुआ। विधानसभा अध्यक्ष के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। हजारीबाग के विधायक मनीष जायसवाल ने सदन को सूचना देते हुए कहा कि रामनवमी का त्योहार धूमधाम से मनाया जाता है। राज्य में रामनवमी जुलूस को अनुमति देने के लिए वे पहले भी बोले हैं, आवेदन भी दिए हैं, लेकिन अब तक विचार नहीं हो सका है।
जो उचित होगा, उसके अनुसार काम होगा : आलमगीर
मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि आवेदन आया है। पर्व-त्योहार का मामला है। विधि-व्यवस्था की समस्या न हो, इसलिए इसे दिखवाएंगे, जो उचित होगा, उसके अनुसार काम होगा। इस जवाब को सुनते ही भाजपा विधायक भानु प्रताप शाही ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने सरकार को हिंदू धर्म विरोधी बताते हुए कहा कि सरकार तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। इसपर मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि भानु प्रताप शाही बिना पूरा जवाब सुने ही आरोप-प्रत्यारोप कर देते हैं। उन्हें पहले पूरा जवाब सुनना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी मंशा धर्म विशेष को लेकर नहीं है। सरकार जुलूस के मुद्दे पर उचित निर्णय लेगी।
विधायक बंधु तिर्की ने भी भानु प्रताप शाही पर की टिप्पणी
सदन में हो-हंगामे के बीच विधायक बंधु तिर्की ने भी भानु प्रताप शाही पर टिप्पणी की कि जब संसदीय कार्य मंत्री बोल रहे हैं तो बिना उनकी पूरी बात सुने भानु प्रताप शाही खड़े हो गए। वे अक्सर ऐसा करते हैं। यह कौन सी परंपरा है।
विधायक मथुरा महतो ने सरकार से पूछा कार्रवाई क्यों नहीं हुई
विधायक मथुरा महतो ने सदन को सूचित किया कि बोकारो में होली में दो समुदाय में झड़प हुई। अबतक कार्रवाई नहीं हुई। विधानसभा अध्यक्ष के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। उन्होंने सभी सूचनाओं पर सरकार को संज्ञान लेने को कहा।