Move to Jagran APP

राम माधव की नसीहत, रांची में बैठकर संगठन न चलाएं

राम माधव ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के दौरे के क्रम में दिए गए टास्क पर भी चर्चा की।

By Edited By: Published: Mon, 11 Jun 2018 01:15 AM (IST)Updated: Mon, 11 Jun 2018 12:19 PM (IST)
राम माधव की नसीहत, रांची में बैठकर संगठन न चलाएं
राम माधव की नसीहत, रांची में बैठकर संगठन न चलाएं

राज्य ब्यूरो, रांची। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री राम माधव ने भाजपा पदाधिकारियों को रांची में बैठकर संगठन न चलाने की नसीहत दी है। रविवार को भाजपा कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों, कोर कमेटी, विभाग एवं प्रकल्पों के साथ अलग-अलग बैठक में उन्होंने बूथ के कार्यकर्ताओं को मजबूत करने और पावर का विकेंद्रीकरण करने का सुझाव दिया। प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा की अध्यक्षता में हुई बैठक में भाजपा के सभी शीर्ष पदाधिकारी मौजूद थे। लोकसभा चुनावों की तैयारियों के सिलसिले में रांची आए राम माधव का पूरा फोकस बूथों की मजबूती पर रहा। उन्होंने कमजोर बूथों पर पूरा जोर देने का निर्देश दिया।

loksabha election banner

भाजपा ने पिछले चुनावों के प्रदर्शन के आधार पर बूथों की तीन श्रेणियों ए, बी और सी निर्धारित की थी। राम माधव ने बूथ की डी श्रेणी भी तय की। उन्होंने कहा कि डी श्रेणी के 'होपलेस' बूथ पर विशेष ध्यान दें। प्रदेश के शीर्ष पदाधिकारी बूथ स्तर पर प्रवास करें और इसकी नियमित निगरानी करें। राम माधव ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के दौरे के क्रम में दिए गए टास्क पर भी चर्चा की। बूथ स्तर पर बनाए गए पन्ना प्रमुखों को सक्रिय करने की हिदायत भी उन्होंने दी। कहा, लोकसभा चुनाव के सात-आठ माह ही बचे हैं, इस दौरान संगठन को निचले स्तर पर मजबूत करना है। कहा, भाजपा नेतृत्व ने झारखंड में लोकसभा की सभी 14 सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है। हमें उस पर खरा उतरना है। सदस्यता अभियान की चर्चा के दौरान राष्ट्रीय महामंत्री को बताया गया कि 23,11,372 सदस्यों के सत्यापन का कार्य हो गया है। कोर कमेटी की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, पूर्व अध्यक्ष रवींद्र राय, केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा, सुदर्शन भगत, मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, संगठन महामंत्री धर्मपाल और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा उपस्थित थे।

विपक्ष की एकजुटता की कसरत अपने आप में विफलता
राम माधव भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री राम माधव ने विपक्ष की एकजुटता पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी एकजुटता की कसरत अपने आप में विफलता है। उन्हें यह मालूम है कि अकेले कोई भी दल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने खड़ा नहीं हो सकता। यही कारण है कि नैतिक-अनैतिक गठबंधन पर जोर दे रहे हैं। मीडिया से बातचीत में राम माधव ने एनडीए के घटक दलों के अलग होने के सवाल पर कहा कि हमारे सभी साथी साथ चलेंगे, नए साथी भी जुटेंगे। हाल ही में झारखंड समेत अन्य राज्यों में हुए उपचुनावों में भाजपा के प्रदर्शन परकहा कि उपचुनाव में सफलता-विफलता मिलती है। जहां हम विफल हुए हैं उसकी जांच होगी, विश्लेषण करेंगे।

पलब्धियों की चर्चा
राम माधव ने केंद्र सरकार की पिछले चार साल की उपलब्धियों की भी चर्चा की। कहा, महिला, युवा, अनुसूचित जाति-जनजाति सहित समाज के वंचित तबके लिए योजनाएं चलाई गई। जिसका लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे लोगों को मिला। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना की विशेष तौर पर चर्चा करते हुए कहा कि एक करोड़ बेघरों को आवास दिया गया है, आगे पांच करोड़ लोगों को इस दायरे में लाया जाएगा।

जुलाई में आएंगे भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, धौनी से मिलेंगे
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जुलाई में झारखंड का दौरा करेंगे। इस दौरान वे टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी से भी मुलाकात करेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने मीडिया से बातचीत में यह जानकारी दी। कहा, शाह के आने की तिथि और कार्यक्रम बाद में तय होगा। हालांकि इतना अवश्य कहा कि इस दौरान शाह मोटरसाइकिल रैली में शामिल होंगे और जनसभा भी करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री राम माधव के साथ हुई बैठक की चर्चा करते हुए गिलुवा ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने जो टास्क सौंपे थे उनमें पूरी तरफ से सफलता मिली है। पन्ना प्रमुख और बूथ कमेटियों का गठन किया जा चुका है। संगठन के स्तर से जो भी काम प्रदेश इकाई को सौंपे गए थे उन्हें आगे बढ़ाया गया है।

विश्वास जताया कि भाजपा झारखंड में लोकसभा की सभी 14 और विधानसभा की 60 से अधिक सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगी। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश, प्रदेश प्रवक्ता राजेश कुमार शुक्ला और मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक उपस्थित थे। आजसू के साथ गठबंधन बना रहेगा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि झारखंड में भाजपा का आजसू के साथ गठबंधन बना रहेगा। कहा, आजसू के साथ गठबंधन झारखंड नहीं दिल्ली में बना था, वह बरकरार रहेगा। अगर नए साथी भी भाजपा के साथ जुड़ना चाहेंगे तो उन्हें शामिल करेंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.