Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jharkhand: हजारीबाग के व्यवसायी परिवार से आते हैं सैयद जफर इस्लाम, भाजपा ने बनाया है राज्यसभा प्रत्याशी

    By Sujeet Kumar SumanEdited By:
    Updated: Sat, 29 Aug 2020 10:08 AM (IST)

    Rajya Sabha By Election 2020 पार्टी द्वारा उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य प्रत्याशी नामित होने के बाद उनका निर्विरोध चुना जाना लगभग तय है।

    Jharkhand: हजारीबाग के व्यवसायी परिवार से आते हैं सैयद जफर इस्लाम, भाजपा ने बनाया है राज्यसभा प्रत्याशी

    हजारीबाग, जासं। Rajya Sabha By Election News भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए प्रत्याशी नामित सैयद जफर इस्लाम का नाता हजारीबाग से है। शहर के नसीम कॉलोनी पगमिल निवासी सैयद जफर इस्लाम साधारण से व्यवसायी परिवार से निकल कर अपनी प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय स्तर की पहचान बनाने में सफल रहे हैं। पार्टी द्वारा उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य प्रत्याशी नामित होने के बाद उनका निर्विरोध चुना जाना लगभग तय है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस फैसले से हजारीबाग में उनके परिवार के लोगों में खुशी का माहौल है। हालांकि करीब तीस वर्ष पूर्व इंटर की पढ़ाई खत्म करने के बाद उनका यहां कम ही आना-जाना होता है। हाल ही में वे नसीम कॉलोनी पगमिल हजारीबाग में अपनी वृद्ध मां को देखने आए थे। यहां मां के साथ उनके बड़े भाई और चचेरे भाई सपरिवार रहते हैं। उनके पिता स्व. नईम अहमद कपड़ा व्यवसायी थे।

    शहर के झंडा चौक में कोहिनूर ड्रेसेज नामक दुकान चलाते थे। वर्तमान में इनके भाई सैयद शहबाज गनी उर्फ शकील सुभाष मार्ग नाला के पास यह प्रतिष्ठान संचालित करते हैं। दूसरे भाई सैयद जुबैर असगर दिल्ली में बीबीसी के संवाददाता रहे हैं। इनके चचेरे भाई प्रोफेसर सैयद उमर फारूक संत कोलंबा कालेज में गणित विषय के शिक्षक हैं। सैयद जफर इस्लाम का विवाह पटना में हुआ है। इनके एक पुत्र और एक पुत्री है जो मुंबई में पढ़ाई कर रहे हैं।

    केएन इस्लामिया स्कूल से किया मैट्रिक

    पांच भाइयोंं और तीन बहनों में सबसे छोटे सैयद जफर इस्लाम की स्कूली शिक्षा केएन इस्लामिया हाई स्कूल से हुई। इंटर की पढ़ाई मार्खम कालेज हजारीबाग से पूरी की। इसके बाद उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से बीएससी, एमएससी और दिल्ली से पीएचडी की डिग्री हासिल की। उन्होंने आइआइएम अहमदाबाद से एमबीए किया। इसके बाद करीब 15 साल तक डयूश बैंक इंडिया के लिए डायरेक्टर फाइनेंस के तौर पर मुंबई में सेवाएं दीं।

    इसके अलावा एयर इंडिया के निदेशक के तौर पर भी सेवा दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के शीर्ष नेताओं से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुए। इनकी प्रतिभा को देखते हुए पार्टी ने इन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया। इनकी राजनीतिक समझ, वाकपटुता और हाजिर जवाबी ने इनको राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित कर दिया। राज्यसभा सदस्य अमर सिंह के निधन के बाद पार्टी ने इन्हें उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए प्रत्याशी बनाया है।