विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 29, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Rajya Sabha Elections: कांग्रेस से राजेश ठाकुर जाएंगे राज्यसभा! सोनिया के कहने पर माने हेमंत; झामुमो-कांग्रेस का झगड़ा खत्म

By Alok ShahiEdited By:
Published: Sun, 29 May 2022 08:17 PM (IST)Updated: Sun, 29 May 2022 10:48 PM (IST)

Jharkhand Rajya Sabha Elections राजेश ठाकुर कांग्रेस की ओर से राज्‍यसभा जाएंगे। झारखंड से राज्यसभा की दो सीटों के लिए ...और पढ़ें

Jharkhand Rajya Sabha Elections: राजेश ठाकुर कांग्रेस की ओर से राज्‍यसभा जाएंगे।
Jharkhand Rajya Sabha Elections: राजेश ठाकुर कांग्रेस की ओर से राज्‍यसभा जाएंगे।

रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Rajya Sabha Elections झारखंड से राज्यसभा की दो सीटों के लिए होनेवाले चुनाव में सत्ताधारी दल से एक उम्मीदवार की जीत तय है तो विपक्ष की ओर से भी एक की जीत पक्की मानी जा रही है। भाजपा देर शाम तक उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर सकती है वहीं झामुमो और कांग्रेस में सहमति की सूचनाएं मिल रही हैं। माना जा रहा है कि हेमंत सोरेन ने कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार को झामुमो का समर्थन दिए जाने पर सहमति प्रदान कर दी है। इसके बाद उम्मीदवार के नाम को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। सूत्रों के अनुसार इसके लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर पहली पसंद बताए जा रहे हैं। झामुमो को भी इस नाम से कोई एतराज नहीं है। रात तक कांग्रेस की ओर से अधिकृत तौर पर उम्मीदवारी की घोषणा की दी जाएगी।

सोनिया से मुलाकात के बाद हेमंत ने जिद छोड़ी, राजेश ठाकुर राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी

राज्यसभा चुनाव को लेकर पिछले कई दिनों से झामुमो और कांग्रेस के बीच जारी नूराकुश्ती अब खत्म हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कांग्रेस को सीट देने के लिए मान गए हैं। एक दिन पहले शनिवार को ही झामुमो ने मीडिया से कहा था कि वह किसी सूरत में कांग्रेस को सीट नहीं देगा। राज्यसभा चुनाव में झामुमो अपना प्रत्याशी मैदान में उतारेगा।

मीडिया में यह बयान आने के चंद घंटे बाद ही हेमंत सोरेन दिल्ली रवाना हो गए थे। सोनिया गांधी से उनकी मुलाकात हुई और तय हुआ कि झामुमो चुनाव नहीं लड़ेगा। कांग्रेस ही अपना प्रत्याशी उतारेगा। अब नई सूचना यह है कि कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर प्रत्याशी होंगे। राजेश ठाकुर का राज्यसभा जाना अब तय हो गया है। इससे पूर्व कांग्रेस खेमे से कई नाम चर्चा में आए थे। इनमें डा अजय कुमार, सुबोध कांत सहाय और फुरकान अंसारी के नाम शामिल थे।

भाजपा ने अभी नहीं किया नाम का एलान

मालूम हो कि झारखंड में राज्यसभा की 2 सीटों के लिए चुनाव आयोग की ओर से पहले ही अधिसूचना जारी कर की जा चुकी है। आगामी 10 जून 2022 को मतदान होना है। वहीं, 1 जून 2022 को नामांकन पत्रों की जांच जाएगी। झारखंड में राज्यसभा के लिए जो दो सीटें 7 जून को खाली हो रही हैं, वह महेश पोद्दार और मुख्तार अब्बास नकवी का कार्यकाल पूरा होने के कारण खाली हो रही हैं। महेश पोद्दार और मुख्तार अब्बास नकवी को भाजपा ने यहां से चुनकर राज्यसभा भेजा था। इस बार भाजपा की ओर अबतक प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की गई है।

वैसे सियासी गलियारों में पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास का नाम सर्वाधिक सुर्खियों में है। कहा गया था कि हजारीबाग में भाजपा कार्यसमिति की बैठक में प्रत्याशी के नाम पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। दो दिवसीय यह बैठक हो चुकी है, लेकिन अभी तक विधिवत नाम की घोषणा नहीं की गई है। संभवत: भाजपा प्रतीक्षा कर रही है कि पहले झामुमो-कांग्रेस अपने प्रत्याशी का नाम घोषित करें। अब चूंकि साफ हो गया है कि कांग्रेस से राजेश ठाकुर ही प्रत्याशी होंगे, ऐसे में भाजपा कभी भी अपने प्रत्याशी का नाम घोषित कर सकती है।

झारखंड विधानसभा में मौजूदा दलीय स्थिति

पिछली बार राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस ने झामुमो प्रत्याशी शिबू सोरेन को राज्यसभा भेजने में मदद की थी। इसी मदद का हवाला देते हुए कांग्रेस लगातार झामुमो पर सीट के लिए दबाव बनाए हुए थी। शिबू सोरेन झामुमो के अध्यक्ष हैं। फिल्हाल झारखंड से राज्यसभा सदस्य हैं। झारखंड में झामुमो के कुल 30 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के कुल 16 विधायक हैं। वहीं, भाजपा के पास कुल 25 विधायक हैं। इसी तरह जेवीएम के तीन विधायक हैं। इनमें एक यानी बाबूलाल मरांडी भाजपा में चले गए हैं। जबकि दो विधायक बंधु तिर्की और प्रदीप यादव कांग्रेस में चले गए हैं।

बंधु तिर्की पर आय से अधिक संपत्ति का दोष साबित हो गया है। उनकी सदस्यता समाप्त हो चुकी है। झारखंड विधानसभा में आजसू के पास दो और एनसीपी के पास एक विधायक हैं। आजसू ने अभी पत्ता नहीं खोला है, लेकिन उम्मीद की जा रही कि वह भाजपा के साथ जाएगी। भाजपा से उसकी पुरानी दोस्ती रही है। भाकपा माले का विधायक है। उम्मीद है कि इसका समर्थन कांग्रेस के खाते में ही जाएगा। वैसे भाकपा माले ने अभी कोई घोषणा नहीं की है। राज्य में दो निर्दलीय विधायक भी हैं। यह किस ओर जाएंगे, अभी खुलासा नहीं हुआ है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।