Jharkhand Weather Update: आज से फिर बदलेगा मौसम, दो दिनों तक बारिश के आसार; ठंड से 2 की मौत
Jharkhand Weather Update राजधानी रांची में बुधवार और गुरुवार को बादल छाए रहेंगे। एक-दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी।
रांची, जासं। Jharkhand Weather Update राज्य के मध्य व उत्तरी भाग में बुधवार को कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। जबकि, गुरुवार को राज्य के उत्तर-पूर्वी व मध्य दक्षिणी भाग में वर्षा हो सकती है। मौसम पूर्वानुमान के तहत आगामी दो दिनों तक सुबह के समय एक-दो स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. एसडी कोटाल ने बताया कि अगले तीन दिनों तक रात के तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी। उसके बाद रात के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, राजधानी रांची में बुधवार और गुरुवार को बादल छाए रहेंगे। एक-दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। इधर, मंगलवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान कांके में 7.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रांची में न्यूनतम तापमान 8.6 और जमशेदपुर में 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ठंड से दो लोगों की मौत
पिछले 24 घंटे में राज्य में ठंड से दो लोगों की मौत हो गई है। चतरा जिले के इटखोरी प्रखंड के लोरम गांव में सोमवार की रात ठंड लगने से एक दलित युवक संजय भुइयां (35) की मौत हो गई। इधर, पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला प्रखंड के हेंदलजुडी गांव की 62 वर्षीय दिव्यांग मिनीबाला रजक की ठंड की चपेट में आने से मंगलवार की सुबह मौत हो गई। दिव्यांग मिनीबाला दोनों पैरों से चलने में असमर्थ थे।