रांची के कारोबारियों के लिए भी आतंक, रामपुर हत्याकांड की जिम्मेदारी लेकर चर्चा में आया राहुल सिंह; रेड कार्नर नोटिस
राहुल सिंह गिरोह ने सोशल मीडिया पर मोहम्मद शरीफ की हत्या की जिम्मेदारी ली है, जो 2007 के रामपुर सीआरपीएफ ...और पढ़ें

मोहम्मद शरीफ की हत्या के बाद वायरल पोस्ट में अन्य आरोपितों को भी धमकी
HighLights
राहुल सिंह गिरोह ने मोहम्मद शरीफ की हत्या की जिम्मेदारी ली।
रामपुर सीआरपीएफ कैंप हमले के अन्य आरोपितों को धमकी दी।
रेड कॉर्नर नोटिस के बावजूद विदेश से गिरोह चला रहा।
जागरण संवाददाता, रांची। उत्तर प्रदेश के रामपुर में 2007 के सीआरपीएफ कैंप हमले के मामले में पिछले वर्ष बरी किए गए मोहम्मद शरीफ की हत्या के बाद झारखंड का गैंगस्टर राहुल सिंह एक बार फिर चर्चा में है। सोशल मीडिया पर राहुल सिंह गैंग के नाम से वायरल पोस्ट में शरीफ की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में हमले के अन्य आरोपितों को भी धमकी दी गई है।
हालांकि, इस पोस्ट की पुलिस या किसी स्वतंत्र एजेंसी से अब तक पुष्टि नहीं हुई है। 10 नवंबर को फेसबुक पर राहुल सिंह नाम की आईडी से जारी पोस्ट को प्रेस विज्ञप्ति का रूप दिया गया है। इसमें धार्मिक नारों के साथ जोहार झारखंड और आजाद सरकार जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है।
पोस्ट में दावा किया गया है कि अदालत से उनके साथियों को इंसाफ नहीं मिला, इसलिए उन्होंने खुद इंसाफ कर दिया। साथ ही रामपुर हमले से जुड़े अन्य लोगों को चेतावनी दी गई है कि वे अपनी तैयारी कर लें, जल्द ही उनका नंबर आने वाला है।
रेड कार्नर नोटिस के बावजूद विदेश में सक्रियता का दावा
राहुल सिंह के खिलाफ रेड कार्नर नोटिस जारी होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि वह देश से बाहर है। रेड कार्नर नोटिस के जरिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संबंधित व्यक्ति का पता लगाने और गिरफ्तारी की प्रक्रिया में सहयोग मांगा जाता है।
ऐसे में विदेश में मौजूद रहकर गिरोह के संचालन और सोशल मीडिया के जरिए धमकी देने के दावों ने सुरक्षा एजेंसियों की चुनौती बढ़ा दी है। हालांकि, उसके वर्तमान ठिकाने और वायरल पोस्ट के स्रोत की आधिकारिक पुष्टि जरूरी है।
अमन साहू के मारे जाने के बाद संभाली गिरोह की कमान
राहुल सिंह पहले अमन साहू गिरोह का शूटर था। पलामू में अमन साहू के मारे जाने के बाद उसने गिरोह की कमान संभाल ली। इसके बाद रांची, रामगढ़, पलामू, बोकारो, चतरा, हजारीबाग और लातेहार में अपने गुर्गों के जरिए रंगदारी और फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दिलाने के आरोप उस पर लगे।
गिरोह के निशाने पर मुख्य रूप से कोयला कारोबारी, बड़े व्यवसायी, ठेकेदार और निर्माण कंपनियां रही हैं। रंगदारी नहीं देने पर गोलीबारी कर दहशत फैलाने की रणनीति अपनाने की बात पुलिस जांच में सामने आई है। गिरोह के सदस्य अंतरराष्ट्रीय और इंटरनेट आधारित नंबरों से संपर्क करते रहे हैं।
रांची में कई घटनाओं को दिला चुका है अंजाम
रांची में भी राहुल सिंह गिरोह का नाम फायरिंग और रंगदारी के मामलों में सामने आ चुका है। राहुल सिंह के द्वारा रांची में कई कारोबारियों से रंगदारी की मांग की जा चुकी है। रांची में अलग अलग थाना में उसके खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।