IAS राहुल पुरवार होंगे झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी Ranchi News
Jharkhand. भारत निर्वाचन आयोग ने राहुल पुरवार को झारखंड का नया मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बनाने की स्वीकृति दे दी है।
रांची, राज्य ब्यूरो। भारतीय प्रशासनिक सेवा के पदाधिकारी राहुल पुरवार राज्य के नए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी होंगे। भारत निर्वाचन आयोग ने इसपर अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। राहुल पुरवार विनय कुमार चौबे का स्थान लेंगे जो पिछले वर्ष लोकसभा चुनाव के बाद ही मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी नियुक्त हुए थे। राज्य सरकार ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी पद पर नियुक्ति के लिए भारत निर्वाचन आयोग को राहुल पुरवार के अलावा सुनील कुमार वर्णवाल तथा के. रविकुमार के नाम भेजे थे। आयोग ने राहुल पुरवार के नाम पर अपनी स्वीकृति प्रदान की।
इधर, भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी विनय कुमार चौबे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रधान सचिव हो सकते हैं। उनके इस पद पर नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। बताया जाता है कि उन्हें सीएम के प्रधान सचिव बनाने के लिए ही विनय कुमार चौबे की जगह तीन पदाधिकारियों में से किसी एक को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बनाने की स्वीकृति निर्वाचन आयोग से मांगी गई थी। अभी तक सीएम के प्रधान सचिव के पद पर किसी पदाधिकारी की नियुक्ति नहीं हो सकी है।