इस्पात मंत्री चौधरी वीरेंद्र सिंह से मिले CM रघुवर दास, रांची में एसआरटीएमआइ मुख्यालय खोलने की मांग
Raghubar Das With Choudhary Birender Singh. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने केंद्रीय इस्पात मंत्री चौधरी वीरेंद्र सिंह से मिलकर एसआरटीएमआइ का मुख्यालय रांची में खोलने की अपेक्षा रखी है।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय इस्पात मंत्री चौधरी वीरेंद्र सिंह से मुलाकात की। इस दौरान सीएम ने इस्पात मंत्री से रांची में एसआरटीएमआइ का मुख्यालय खोलने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में प्रचुर मात्रा में खनिज संपदा उपलब्ध है। ऐसे में इस महती संस्थान के रांची में खुलने से इसका व्यापक लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने केंद्रीय इस्पात मंत्री चौधरी वीरेंद्र सिंह को जानकारी दी कि झारखंड में खनिज आधारित इकाइयां सेल, आरडीएसआइसीएस, मेकॉन, एमआइटी जैसे लोक उपक्रम पहले से कार्यरत हैं। कई निजी उपक्रम यथा टाटा स्टील, जेएसपीएल भी यहां बेहतर कार्य कर रहे हैं। इस लिहाज से एसआरटीएमआइ का मुख्यालय भी यहां खोला जाना चाहिए। सीएम ने कहा कि राउरकेला औद्योगिक क्षेत्र, दुर्गापुर, बर्नपुर आदि रांची से नजदीक हैं। रांची में एसआरटीएमआइ कार्यालय खुलने से झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल, ओड़िशा, छत्तीसगढ़ को भी प्रचुर लाभ मिलेगा। उन्होंने इस्पात मंत्री को भरोसा दिया कि एसआरटीएमआइ का मुख्यालय रांची में खोलने के लिए राज्य सरकार हर प्रकार का सहयोग करने के लिए तैयार है।