झालसा का 'प्रोजेक्ट शिशु' कोरोना में हुए अनाथ बच्चों का बना सहारा, सीजेआई सूर्यकांत ने भी की सराहना
झारखंड विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) का 'प्रोजेक्ट शिशु' कोरोना से अनाथ हुए लगभग दो हजार बच्चों को 18 साल तक ...और पढ़ें

18 साल तक बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य सुविधा मिल रही मुफ्त।
HighLights
झालसा का 'प्रोजेक्ट शिशु' कोरोना अनाथ बच्चों को मुफ्त सहायता दे रहा।
18 साल तक शिक्षा, स्वास्थ्य और ₹4000 मासिक वित्तीय मदद।
सीसीएल, बीसीसीएल से आर्थिक सहयोग, लगभग 2000 बच्चे लाभान्वित हो रहे।
मनोज सिंह, रांची। झारखंड विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) की ओर से चलाए जा रहे प्रोजेक्ट शिशु के तहत राज्य के करीब दो हजार बच्चों की देखभाल की जा रही है। इसके तहत उन बच्चों को पढ़ाई से लेकर सारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनके माता-पिता कोरोना काल में अपनी जान गंवा चुके हैं।
18 साल तक सभी बच्चों को चार हजार रुपये प्रतिमाह खाते में पैसे भेजे जाते हैं। इसके अलावा हर माह इन बच्चों की पढ़ाई, छात्रवृत्ति, मेडिकल रिपोर्ट तैयार की जाती है। इसकी रिपोर्ट भी झालसा को भेजी जाती है।
शिशु प्रोजेक्ट की सराहना सीजेआइ सूर्यकांत भी कर चुके हैं। उन्होंने कहा है कि इस तरह का प्रोजेक्ट पूरे देश में चलाया जाना चाहिए। झालसा की पहल बहुत ही सराहनीय है। इससे अनाथ बच्चों को पढ़ाई और स्वास्थ्य सुधार में मदद मिल रही है।
केस स्टडी : एक
रांची जिले के गुड़गुडजारी गांव के रहने वाले चार बच्चों के माता-पिता का निधन कोरोना काल में हो गया। माता-पिता की कमाई करने वाले थे। इन बच्चों की उम्र आठ साल से लेकर 15 साल तक थी। पीएलवी से मिली जानकारी के बाद डालसा की टीम ने वहां दौरा किया, तो पता चला कि उनकी आर्थिक स्थिति बहुत ही दयनीय है। डालसा ने तत्काल उन्हें आनाज मुहैया कराया और तीन बच्चियों का नामांकन कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालय और बच्चे का नामांकन एकलव्य विद्यालय में कराया। इसके बाद उन्हें इंदिरा आवास की सुविधा दिलाई गई। हर माह डालसा की टीम उनकी पढ़ाई और स्वास्थ्य की प्रगति रिपोर्ट तैयार करती है और झालसा को भेजती है।
केस नंबर दूसरा
रांची के सोनाहातू गांव में तीन बच्चियों के मां-पिता का निधन कोरोना काल में हो गया। उनका कच्चा घर भी गिर गया था। इसकी सूचना के बाद पीएलवी के साथ डालसा की टीम वहां पहुंची। उनके घर में कोई कमाने वाला नहीं बचा था। बच्चियों की जांच के दौरान खून की कमी (एनीमिया) पाई गई। इसके बाद टीम ने राशन के साथ उन्हें स्वास्थ्य लाभ दिलाया और उनका नामांकन भी कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में कराया गया। इनकी उम्र भी आठ साल से 12 साल के बीच थी।
सीसीएल और बीसीसीएल दे रहा आर्थिक मदद
इस तरह से बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति की सुविधा दी जा रही है। इसके लिए सीसीएल की ओर से 93 लाख और बीसीसीएल की ओर से हाल में ही 50 लाख रुपये दिए गए हैं। अभी दो सौ बच्चों को 20 हजार से 50 हजार तक छात्रवृत्ति दी गई है। झालसा के कार्यकारी अध्यक्ष जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद की पहल पर उक्त राशि बीसीसीएल की ओर से दी गई है।
झालसा की ओर से इस योजना के तहत 18 साल तक बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य सहित अन्य सुविधाएं मुफ्त में प्रदान की जा रही हैं। झालसा की ओर से वर्ष 2021 में प्रोजेक्ट शिशु की शुरुआत की गई है।
क्यों पड़ी इसकी आवश्यकता?
महामारी के दौरान कई बच्चों के माता-पिता का निधन हो गया, जिसके बाद उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं था। कई मामलों में बच्चों के दादा-दादी या अन्य रिश्तेदार दूसरे शहरों में रहते थे या वे बच्चों की जिम्मेदारी लेने से हिचकिचा रहे थे। ऐसे बच्चों को विशेष देखभाल और पुनर्वास की आवश्यकता थी। यह भी सुनिश्चित करना जरूरी था कि बच्चों को गोद लेने या मदद के नाम पर किसी भी अवैध गतिविधि का शिकार न होना पड़े।
शिशु प्रोजेक्ट के तहत अनाथ बच्चों को मदद दी जा रही है। राज्य में काम करने वाली संस्थाओं से वित्तीय सहायता प्राप्त करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान करके आगे की पढ़ाई सुनिश्चित की जा सके।
-कुमारी रंजना अस्थाना, सदस्य सचिव, झालसा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।