पीएम मोदी का आइटी प्रोफेशनल्स संग संवाद; कहा-तकनीक में है भारत की तकदीर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को डिजिटल इंडिया में बड़ी भूमिका निभानेवाले रांची, पलामू, लातेहार व झारखंड अन्य जिलों के आइटी प्रोफेशनल्स से सीधी बात की।
रांची, राज्य ब्यूरो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को डिजिटल इंडिया में बड़ी भूमिका निभानेवाले देशभर के आइटी प्रोफेशनल्स के साथ वेबकास्ट के माध्यम से सीधा संवाद किया। इस क्रम में वे रांची, पलामू, लातेहार व झारखंड अन्य जिलों के एनआइसी के माध्यम से वहां के आइटी प्रोफेशनल्स के साथ रूबरू हुए।
उनके संवाद का प्रसारण विभिन्न प्रज्ञा केंद्रों, बीपीओ व कॉलेजों में भी किया गया। प्रधानमंत्री ने आइटी प्रोफेशनल्स से 'मैं नहीं हम' की थीम पर अपना काम सेवा भाव से करने का आह्वान किया। कहा, सभी को सरकार के साथ अपना संस्कार मिलाकर स्वच्छता प्लस की ओर बढऩा है। उन्होंने आइटी प्रोफेशनल्स को अपने आइडिया का तकनीक के विकास में करने को कहा।
कहा, भारत की तकदीर तकनीक में है और पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है। उन्होंने कृषि के क्षेत्र में लागत को कम करने एवं किसानों की आय को बढ़ाने के लिए तकनीक के विकास पर भी जोर दिया। कहा, आज भारत विश्व में तीसरा स्टार्ट अप देश बन गया है, जिसमें आइटी प्रोफेशनल्स का महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है।