राष्ट्रपति का झारखंड में एकल पुष्प से होगा स्वागत, तैयारियां तेज Rcnchi News
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 28 सितंबर की शाम भुवनेश्वर से रांची पहुंचेंगे। यहां वे राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगे।
रांची, राज्य ब्यूरो। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के रांची आगमन पर हवाई अड्डे पर उनका स्वागत एकल पुष्प देकर होगा। पुष्प प्लास्टिक की जगह कागज से कवर्ड होगा। उनके सम्मान में सेना के जवान गार्ड ऑफ ऑनर देगें। सेना के लोग ही राष्ट्रगान भी करेंगे। मुख्य सचिव डॉ. डीके तिवारी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई बैठक में राष्ट्रपति के तीन दिवसीय दौरे को लेकर उनके स्वागत से लेकर विदाई तक के कार्यक्रमों की रूप रेखा तय की गई। बताते चलें कि राष्ट्रपति तीन दिवसीय दौरे पर 28 सितंबर को रांची पहुंचेंगे।
मुख्य सचिव ने प्रोटोकॉल के अनुसार अधिकारियों से कहा कि समय रहते एक-एक बिंदु पर समन्वय बना कर तैयारियों को पूरा कर लें। बताया गया कि राष्ट्रपति 28 सितंबर की शाम भुवनेश्वर से रांची पहुंचेंगे। यहां वे राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन 29 सितंबर को वे गुमला के विशुनपुर में प्रस्तावित विकास भारती के कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहां से वे देवघर बाबा वैद्यनाथ मंदिर जाकर पूजा-अर्चना करेंगे और वापस रांची लौट आएंगे। 30 सितंबर को रांची विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में भाग लेंगे और उसी दिन दिल्ली लौट जाएंगे।