बाइक के धक्के से गर्भवती महिला की मौत, बाइकसवार को बुरी तरह पीटा- 5 घंटे पिठोरिया चौक जाम Ranchi News
जिस बाइक ने महिला को चपेट में लिया। उसके बाइक चालक और पीछे बैठे युवक को पीट-पीटकर घायल कर दिया। दोनों को किसी तरह पुलिस ने बचाकर निकाला।
रांची, जेएनएन। पिठोरिया में एक बाइक के धक्के से गर्भवती महिला की मौत हो गई। इससे ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने रांची-पतरातू मुख्य मार्ग को पिठोरिया चौक के पास पांच घंटे तक जाम रखा। इस दौरान उग्र लोगों ने वहां से गुजरने वाले वाहनों पर पथराव भी किया। जाम के दौरान पतरातू, रांची, ओरमांझी और ठाकुरगांव जाने वाली सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
रात के करीब 10:30 बजे पुलिस-प्रशासन की सख्ती से जाम हटाया गया। बताया जाता है कि पिठोरिया चौक के समीप स्थित मुड़हर पहाड़ के पास रविवार की शाम करीब पांच बजे बाइक सवार ने सुतियांबे गांव के डहुटोला निवासी बुधवा पाहन की पत्नी उर्मिला देवी (25) को धक्का मार दिया। इससे मौके पर ही उर्मिला देवी की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक चालक रांची से पिठोरिया की ओर आ रहा था।
पांच लाख मुआवजा सहित सात सूत्री मांग पर अड़े रहे लोग
महिला के परिजन और स्थानीय लोगों ने प्रशासन के समक्ष पांच लाख रुपये मुआवजा सहित सात सूत्री मांगे रखी। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास, पारिवारिक लाभ योजना मद से तत्काल 20 हजार रुपये, दो वर्ष के बेटे की शिक्षा व पालन-पोषण का खर्च सरकार द्वारा उठाया जाना। हिट एंड रन के तहत हर्जाना देना और डहूटोली मोड़ पर होने वाली हादसों को देखते हुए ब्रेकर लगाने की मांगें शामिल थी। इसपर प्रशासन ने विचार करने का आश्वासन दिया। साथ ही तत्काल 10 हजार रुपये दिए गए।
बाइक सवार को पीट-पीटकर किया घायल
जिस बाइक ने महिला को चपेट में लिया। उसके बाइक चालक और पीछे बैठे युवक को पीट-पीटकर घायल कर दिया। दोनों को किसी तरह पुलिस ने बचाकर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर एएसपी अमित रेणु, कांके सीओ अनिल कुमार, इंस्पेक्टर अनिल कुमार द्विवेदी, पिठोरिया थानेदार विनोद राम सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे थे।
सिविल कोर्ट के रजिस्ट्रार व कई प्रमुख लोग फंसे थे जाम में
जाम के दौरान पतरातू से रांची लौट रहे सिविल कोर्ट के रजिस्ट्रार एमके सिंह सहित कई वीवीआइपी फंसे रहे। बताया जा रहा एनएचआरसी की टीम भी फंसी थी। कई लोग पतरातू से रामगढ़ घाटी के रास्ते लौटे, जबकि रांची से पतरातू की ओर जाने वाले लोगों को रांची से रामगढ़ रोड पकड़कर लौटना पड़ा।