झारखंड में जन सुराज के कम्युनिकेशन मैनेजर की संदिग्ध मौत, बिहार MLC चुनाव के बीच PK को मिली बुरी खबर
बिहार एमएलसी चुनाव के बीच जन सुराज के डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर देवपालिक गुप्ता की झारखंड में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।

जंगल में देवपालिक गुप्ता का शव
HighLights
जन सुराज के देवपालिक गुप्ता की संदिग्ध मौत।
झारखंड में चलती ट्रेन से रहस्यमय ढंग से लापता।
बिहार एमएलसी चुनाव के बीच मिली बुरी खबर।
जागरण संवाददाता,रांची। रांची से पटना जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस से सोमवार को लापता हुए देवपालिक गुप्ता का शव झारखंड के अनगड़ा प्रखंड स्थित जरवाडीह के पास रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में मिला। आरपीएफ सूत्रों के अनुसार, देवपालिक के चलती ट्रेन से गिरने की आशंका है। उनका शव ट्रैक के किनारे झाड़ियों में फंसा हुआ मिला। शव बरामद होने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, देवपालिक गुप्ता अपने दो सहयोगियों गौतम और निशांत के साथ कुछ दिन पहले पटना से रांची पहुंचे थे। सोमवार को तीनों रांची से पटना जाने के लिए जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार हुए थे। ट्रेन के अनगड़ा के आसपास पहुंचने पर देवपालिक ने अपने साथियों से कहा कि वह कुछ खाने के लिए अगली बोगी से सामान लेकर आते हैं। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे।
करीब दो घंटे तक देवपालिक के नहीं लौटने पर उनके साथियों को संदेह हुआ। उन्होंने ट्रेन की सभी बोगियों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद मुरी स्टेशन पहुंचकर इसकी शिकायत की गई। रेल मदद पर भी शिकायत दर्ज कराई गई।
स्पेशल इंजन से भी की गई तलाश
शिकायत मिलने के बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने देवपालिक की तलाश शुरू की। रात में खोजबीन के बावजूद सफलता नहीं मिली। इसके बाद दोबारा स्पेशल इंजन की मदद से आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया।
करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से रेलवे लाइन के आसपास खोजबीन के दौरान जरवाडीह के पास झाड़ियों में शव दिखाई दिया। इसके बाद शव बरामद किया गया।

देवपालिक गुप्ता उत्तर प्रदेश के देवरिया के रहने वाले थे। वह आईआईएमसी से पढ़ाई करने के बाद प्रशांत किशोर की पार्टी से जुड़े थे और डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर के रूप में काम कर रहे थे।
यह भी पढ़ें- दोस्ती, नौकरी और एक फाइल... रांची में ठगी के तीन अलग-अलग तरीके, लोगों के खातों से उड़े 8.65 लाख रुपये
