खाना लाने की बात कहकर निकले, अगले दिन झाड़ियों में मिला जन सुराज पार्टी के मीडिया मैनेजर का शव
जन सुराज पार्टी के डिजिटल मीडिया मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव रांची के अनगड़ा में रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों ...और पढ़ें

HighLights
जन सुराज पार्टी मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव मिला।
रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस से लापता हुए थे।
चलती ट्रेन से गिरने की प्रारंभिक आशंका जताई गई।
जागरण संवाददाता, रांची। रांची से पटना लौटने के दौरान जनशताब्दी एक्सप्रेस से लापता हुए जन सुराज पार्टी के डिजिटल मीडिया मैनेजर देवपालिक गुप्ता (31) का शव मंगलवार को अनगड़ा प्रखंड के जरवाडीह के पास रेलवे लाइन किनारे झाड़ियों में मिला। शव और उनकी चप्पल करीब 10 फीट की दूरी पर मिले।
प्रारंभिक आशंका है कि वह चलती ट्रेन से गिर गए होंगे। हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। ट्रेन से गिरने से उनके चेहरे पर चोट लगी है।
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर निवासी देवपालिक अपने दो सहयोगियों गौतम और निशांत के साथ 24 अक्टूबर को रांची आए थे। सहयोगियों ने बताया वे तीनों रांची प्रेस क्लब में ठहरे थे।
इस दौरान उन्होंने हुंडरू फाल सहित अन्य स्थानों का भ्रमण किया था। सोमवार को तीनों जनशताब्दी एक्सप्रेस से पटना लौट रहे थे। ट्रेन के अनगड़ा के आसपास पहुंचने पर देवपालिक ने साथियों से कहा कि वह खाने का सामान लाने के लिए अगली बोगी की ओर जा रहे हैं। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे।
दो घंटे तक तलाश के बाद दी गई सूचना
करीब दो घंटे तक देवपालिक के वापस नहीं लौटने पर उनके साथियों को चिंता हुई। उन्होंने ट्रेन की सभी बोगियों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। ट्रेन के बोकारो पहुंचने पर भी उनकी तलाश की गई।
बाद में मुरी स्टेशन पहुंचकर रेलवे पुलिस को सूचना दी गई। रेल मदद पर भी शिकायत दर्ज कराई गई। घटना 26 अक्टूबर को करीब दोपहर तीन बजे की है। ट्रेन रांची स्टेशन से 2.30 बजे खुली थी।
स्पेशल इंजन से हुई तलाश
शिकायत मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) ने तलाश शुरू की। रात में खोजबीन के बावजूद सफलता नहीं मिली।
इसके बाद सुबह स्पेशल इंजन की मदद से रेलवे लाइन के आसपास तलाशी अभियान चलाया गया।
करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहे इंजन से ट्रैक के किनारे खोजबीन के दौरान जरवाडीह के पास झाड़ियों में शव दिखाई दिया। इसके बाद शव बरामद किया गया।
बीटेक छोड़ पत्रकारिता को बनाया था करियर
देवपालिक गुप्ता ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई छोड़कर पत्रकारिता को अपना करियर बनाया था। उन्होंने नई दिल्ली स्थित भारतीय जन संचार संस्थान (आईआईएमसी) से पत्रकारिता की पढ़ाई की थी। इसके बाद वह जन सुराज पार्टी से जुड़े और डिजिटल मीडिया मैनेजर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
