21 साल की उम्र, 4 साल से जन सुराज से जुड़े थे देवपालिक; ट्रेन हादसे में निधन से पार्टी में शोक
जन सुराज पार्टी के डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर देवपालिक गुप्ता का 21 वर्ष की आयु में ट्रेन दुर्घटना में निधन हो ...और पढ़ें

प्रशांत किशोर के साथ देवपालिक। फाइल
HighLights
जन सुराज के देवपालिक गुप्ता का ट्रेन दुर्घटना में निधन।
21 वर्षीय देवपालिक डिजिटल कम्युनिकेशन टीम के सदस्य थे।
पार्टी महासचिव किशोर कुमार ने गहरा दुख व्यक्त किया।
जागरण संवाददाता, पटना। जन सुराज पार्टी की इंटरनेट मीडिया टीम के सक्रिय सदस्य और डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर देवपालिक गुप्ता के ट्रेन दुर्घटना में असामयिक निधन से पार्टी परिवार में शोक की लहर है।
महज 21 वर्ष की उम्र में उनके निधन की खबर से पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मर्माहत हैं। जन सुराज के महासचिव सह पूर्व विधायक किशोर कुमार ने देवपालिक गुप्ता के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
जन सुराज में संभाल रहे थे जिम्मेदारी
उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने इस घटना को परिवार, मित्रों और पार्टी के सभी साथियों के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
देवपालिक गुप्ता पिछले चार वर्षों से जन सुराज की इंटरनेट मीडिया टीम का हिस्सा थे और टीम के नेतृत्व की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। कम उम्र में ही उन्होंने अपनी प्रतिभा, कार्यकुशलता से साथियों के बीच अलग पहचान बनाई थी।
संगठन के डिजिटल कम्युनिकेशन से जुड़े उनके योगदान को याद करते हुए पार्टी के साथियों ने उनके असामयिक निधन पर गहरा दुख जताया है।
स्मृतियों में सदैव जीवित रहेंगे देवपालिक
अपने शोक संदेश में किशोर कुमार ने कहा कि देवपालिक गुप्ता की यादें हमेशा सभी के बीच जीवित रहेंगी। उनकी प्रतिभा, सरल व्यवहार और संगठन के प्रति समर्पण को साथी लंबे समय तक याद रखेंगे।
उन्होंने दिवंगत साथी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह जन सुराज परिवार के लिए बेहद दुख की घड़ी है।
देवपालिक के निधन से पार्टी की इंटरनेट मीडिया टीम ने अपना एक प्रतिभाशाली और समर्पित साथी खो दिया है। पार्टी के लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।
