डीवीसी ने शुरू की बिजली कटौती, हजारीबाग-चतरा में बिजली और पानी संकट गहराया
Jharkhand. डीवीसी के द्वारा 18 घंटे की लोड शेडिंग की गई। इस वजह से कई घरों में पानी की भी घोर किल्लत हो गई। लगातार होती लोड शेडिंग ने लोगों की होली को भी खराब कर दिया।
हजारीबाग, जासं। बिजली विभाग ने हजारीबाग के लोगों की होली बेरंग कर दी। रंगों के त्योहार होली के दिन हजारीबाग के लोगों को भीषण बिजली संकट से गुजरना पड़ा। होली के दिन डीवीसी के द्वारा 18 घंटे की लोड शेडिंग की गई। इस वजह से कई घरों में पानी की भी घोर किल्लत हो गई। लगातार होती लोड शेडिंग ने लोगों की होली को भी खराब कर दिया। रंग-गुलाल खेलने के बाद पानी की किल्लत से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं होली के अगले दिन बुधवार को भी बिजली संकट जारी है। सुबह 3:00 बजे से ही बिजली गायब है। होली के दिन बिजली गायब रहने से लोगों में भारी नाराजगी है। सोशल मीडिया पर भी लोग लगातार इस पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
बिजली-पानी संकट गहराया, 18 घंटा लोड शेडिंग
चतरा जिले में बिजली और पानी का संकट गहराता जा रहा है। होली जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर भी बिजली और पानी की नियमित आपूर्ति नहीं हुई। बिजली की लोडिंग 18 घंटा हो रही है। वहीं जलापूर्ति प्रभावित हो रहा है। पानी और बिजली संकट से लोग परेशान हैं। होलिका दहन की रात बिजली नहीं थी। चार बजे सुबह बिजली आई भी तो नियमित नहीं रही। मंगलवार को दिन में ढाई से तीन घंटा ही व्यवस्था बहाल रही। रात में भी हालत कमोबेश ऐसी ही रही। बुधवार की सुबह चार बजे से बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप है। विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सत्येंद्र कुमार का कहना है कि डीवीसी द्वारा लोड शेडिंग किया जा रहा है। वहीं पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार का कहना है कि नियमित बिजली आपूर्ति नहीं होने के कारण जलापूर्ति में दिक्कत हो रही है।