Coronavirus Lockdown: निजी व्यक्तियों की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मी वापस लिए जाएंगे, आदेश जारी
Coronavirus Lockdown Update. डीजीपी एमवी राव ने देर रात जारी किया आदेश। कहा कि कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए विधि-व्यवस्था में किए जाएंगे प्रतिनियुक्त।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड पुलिस सभी निजी व्यक्तियों के साथ प्रतिनियुक्त अंगरक्षकों को वापस लेगी। इससे संबंधित आदेश डीजीपी एमवी राव ने मंगलवार की देर रात सभी जिलों के एसएसपी, एसपी, जैप, आइआरबी व एसआइएसएफ के सभी समादेष्टा को दे दिया है। यह भी आदेश दिया है कि वापस लिए गए सभी अंगरक्षकों को 02 अप्रैल की शाम पांच बजे तक वापस कर उनकी सूची, प्रतिनियुक्ति के साथ तीन अप्रैल तक हर हाल में पुलिस मुख्यालय को दें।
डीजीपी ने अपने आदेश में लिखा है कि पूरे देश में कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए लॉकडाउन घोषित है। इसके कार्यान्वयन के लिए भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की आवश्यकता है। पुलिस मुख्यालय में समीक्षा के दौरान यह जानकारी मिली कि झारखंड में भारी संख्या में पुलिसकर्मी निजी व्यक्तियों की सुरक्षा में लगे हुए हैं। राष्ट्रीय आपदा की इस घड़ी में पूर्ण लॉकडाउन लागू करवाने के लिए कुछ प्रतिष्ठित व महत्वपूर्ण लोगों को छोड़कर सभी निजी व्यक्तियों के साथ प्रतिनियुक्त अंगरक्षक अविलंब वापस लिए जाएं। उन्हें विधि व्यवस्था ड्यूटी में लगाया जाएगा।
इनके अंगरक्षक बने रहेंगे
झारखंड के सभी विधायक, सभी सांसद (लोकसभा व राज्यसभा), सभी पूर्व विधायक, सभी पूर्व सांसद (लोकसभा व राज्यसभा), वर्तमान में कार्यरत सरकार के पदाधिकारी, उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, न्यायिक सेवा से जुड़े पदाधिकारी।