जेल में भिड़े पूर्व मंत्री योगेंद्र साव व एनोस एक्का से पूछताछ करेगी पुलिस
होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद पूर्व मंत्री एनोस एक्का और योगेंद्र साव के बीच विवाद के मामले में पुलिस दोनों मंत्रियों से पूछताछ करने जेल जाएगी।
रांची, जासं। होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद पूर्व मंत्री एनोस एक्का और योगेंद्र साव के बीच विवाद के मामले में पुलिस दोनों मंत्रियों से पूछताछ करने जेल जाएगी। इसके लिए पुलिस ने कोर्ट से अनुमित मांगी है। बताते चलें कि 31 मार्च को एनोस एक्का व योगेंद्र साव ने बंदी आवेदन पत्र के माध्यम से खेलगांव ओपी में मामला दर्ज कराया है। मामले में नौ अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज की गई है। जेल परिसर में ही दोनों के बीच गाली-गलौज और मारपीट हुई थी। दोनों के विवाद को सुलझाने के लिए जेल में ही बंद पूर्व मंत्री राजा पीटर व जेल प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा था। दोनों मामलों में पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
क्या है एक दूसरे का आरोप
करीब एक साल जेल में बंद कोलेबिरा के पूर्व विधायक एनोस एक्का की ओर से दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि योगेंद्र साव उनके जेल के वार्ड में आए। उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। जाति सूचक गाली भी दी है। साथ ही दुमका जेल भिजवाने और जान से मरवा देने की धमकी दी है। दूसरी ओर बड़कागांव के पूर्व विधायक योगेंद्र साव का आरोप है कि एनोस एक्का उनके वार्ड में आए और दो हजार रुपये रंगदारी मांगी। रंगदारी की रकम वह अक्सर उनसे मांगते थे। इन्कार करने पर एनोस ने 31 मार्च की रात अचानक उनपर हमला कर दिया। इससे उनके आंख, कान व गले में चोट लगी। पुलिस ने दोनों ओर से प्राथमिकी दर्ज की है।