22 दिनों से गायब पुलिस जवान की पत्नी का नहीं मिला सुराग, छह संदिग्धों पर FIR
चुटिया से अपहृत एक विवाहिता को 22 दिन के बाद भी पुलिस नहीं खोज सकी। विवाहिता साक्षी कुमारी (26) है जो साहिबगंज जिला बल के जवान अरुण कुजूर की पत्नी है।
रांची, राज्य ब्यूरो। चुटिया से अपहृत एक विवाहिता को 22 दिन के बाद भी पुलिस नहीं खोज सकी। विवाहिता साक्षी कुमारी (26) है जो साहिबगंज जिला बल के जवान अरुण कुजूर की पत्नी है। विवाहिता के साथ तीन साल की बेटी सानवी कुजूर भी गायब है। इस मामले में अरुण ने आठ दिसंबर को चुटिया थाने में छह संदिग्धों के खिलाफ गलत नीयत से अपहरण का केस दर्ज कराया था। घटना के इतने दिनों के बाद भी पुलिस अनुसंधान शून्य पर है। पीडि़त अरुण का आरोप है कि पुलिस संदिग्धों को बचा रही है और उनकी पत्नी को खोजने में दिलचस्पी नहीं ले रही है। उन्हें भय है कि कहीं उनकी पत्नी के साथ कोई अनहोनी तो नहीं हो गई।
अरुण के अनुसार उनकी पत्नी 30 नवंबर को दोपहर एक बजे ब्यूटी पार्लर जाने के नाम पर अपनी तीन साल की बेटी के साथ निकली थी और तब से गायब है। उन्होंने अपनी पत्नी के अपहरण के मामले में मुनेश्वर उरांव, उनकी पत्नी शांति देवी, पुत्र हर्ष बाड़ा, दीपक टोप्पो, परमेश्वर उरांव व निर्भय मंडल के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। सभी चुटिया के रहने वाले हैं। इधर, चुटिया थानेदार रवि ठाकुर ने बताया कि विवाहिता के मोबाइल का सीडीआर निकालकर संदिग्ध नंबरों की समीक्षा की जा रही है। अब तक कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी है।