15 लाख के ठग को मुंबई से पकड़ लाई पुलिस, मेडिकल कॉलेज में एडमिशन का झांसा
Ranchi Fraud. जनवरी 2016 से फरार प्रमोद को पकड़ने बंगलुरु गई पुलिस को मुंबई के ठिकाने का पता चला, जहां से पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर आई।
रांची, जासं। रांची पुलिस ने 15 लाख ठगी के आरोपित को गिरफ्तार कर मुंबई से ट्रांजिट रिमांड पर लाई है। आरोपित के घर कुर्की जब्ती करने रांची पुलिस बेंगलुरू पहुंची थी। वहां पहुंचने पर पता चला कि आरोपित मुंबई में है। इसके बाद पुलिस उसे गिरफ्तार करने मुंबई पहुंची थी।
पुलिस के अनुसार आरोपित प्रमोद कुमार ने रातू रोड न्यू मार्केट निवासी डॉ. पवन कुमार चौधरी के पुत्र का मेडिकल कॉलेज में दाखिला कराने के लिए 15 लाख रुपये ठग लिए थे। इस ठगी में प्रमोद के अलावा एक अन्य आरोपित संजय कुमार है। वह अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। आरोपित प्रमोद जनवरी 2016 से फरार था। पुलिस ने न्यायालय से उसके घर की कुर्की का आदेश लिया।
मेडिकल कॉलेज में दाखिला के लिए मांगे थे तीस लाख : रातू रोड न्यू मार्केट निवासी डॉ पवन चौधरी की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी में कहा गया है कि वह अपने पुत्र का मेडिकल कॉलेज में दाखिला कराना चाहते थे। उनका संपर्क आरोपित प्रमोद से हुआ। आरोपित ने अपने एक मित्र संजय के बारे में उन्हें बताया। कहा कि वह राजा राजेश्वरी मेडिकल कॉलेज में नामांकन कराता है।
इसके बाद आरोपित प्रमोद ने तीन दिन बाद उन्हें फोन कर कहा कि मैनेजमेंट कोटे से मेडिकल कॉलेज में आपके पुत्र का एडमिशन हो जाएगा। इसके लिए 30 लाख रुपये लगेंगे। एडवांस के तौर पर 15 लाख देना होगा। बाकी बची राशि दाखिले के समय देनी पड़ेगी।