यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 04, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand Crime News: पुलिस की बड़ी सफलता... मुठभेड़ में मारा गया पांच लाख का इनामी पीएलएफआई कमांडर लाका पाहन
Jharkhand Crime News पुलिस की बड़ी सफलता हाथ लगी है। पीएलएफआई का रीजनल कमांडर और पांच लाख रुपये का इनामी ...और पढ़ें

खूंटी, जासं। Jharkhand Crime News प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआइ सुप्रीमो दिनेश गोप के करीबी और संगठन में छोटा नागपुर रीजनल कमेटी का सचिव का ओहदा रखने वाले लाका पाहन को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया। मुरहू थाना क्षेत्र के इंदीपीडी पंचायत के कोटा गांव के पास जंगल में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में लाका पाहन दस्ता के अन्य नक्सली फरार होने में सफल रहे।

मौके पर मौजूद जवान।
जानकारी के अनुसार कोटा गांव में मंगलवार को मंडा पूजा का आयोजन किया गया था। मेला में रात को लाका पाहन अपने दस्ता के साथ छऊ नाच देखने पहुंचा था। इसकी जानकारी पुलिस को भी मिली। जानकारी पुख्ता करने के बाद पुलिस ने भी अपनी रणनीति बनाई और जाल बिछा कर उसे मार गिराया। कोटा गांव में कार्यक्रम स्थल के निकट जंगल में बुधवार सुबह करीब पांच बजे मार गिराया है।
पीएलएफआइ संगठन में जीदन गुड़िया के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद लाका पाहन का ओहदा बढ़ गया था। लाका पाहन पुलिस के लिए परेशानी का सबब बना हुआ था। इसके खिलाफ खूंटी जिले के अलावा पश्चिम सिंहभूम, रांची, सिमडेगा समेत अन्य स्थानों में 40 से अधिक मामला दर्ज है।
वर्तमान में यह पीएलएफआई का रीजनल कमांडर बन गया था। पहले यह सब जोनल कमांडर था और इस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। वर्तमान पद के अनुसार उस पर इनाम की राशि बढ़ाने की तैयारी ही चल रही थी। वर्तमान पद के अनुसार अगर इनाम रखा जाता तो उस पर 15 लाख रुपये का इनाम होता, क्योंकि रीजनल कमांडर रैंक के लिए राज्य सरकार ने 15 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।
बुधवार की सुबह झारखंड पुलिस की स्मॉल एक्शन टीम (सैट) के साथ मुरहू थाना प्रभारी व उनकी टीम कोटा इंडीपीडी में सर्च अभियान पर निकली थी कि पुलिस से मुठभेड़ हो गयी। घटनास्थल पर ही लाका पाहन मारा गया। उसके दस्ते के साथी भागने में सफल रहे। लाका पाहन AK-47 लेकर चलता था। हालांकि मौके से एक देसी हथियार बरामद हुआ है। मौके पर खूंटी के एसपी झारखंड जगुआर के जवानों के साथ पहुंच गए हैं। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की दिशा निर्देश के अनुसार उग्रवादी के शव की वीडियोग्राफी सहित पंचनामा की पूरी कार्रवाई की जा रही है।
.jpg)
मौके पर खूंटी के एसपी अमन कुमार, एसडीपीओ अमित कुमार और झारखंड जगुआर के अधिकारी-जवान।
मुठभेड़ स्थल पर खूंटी के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, एसपी अभियान रमेश कुमार, सीआरपीएफ के द्वितीय कमान अधिकारी पीआर मिश्रा, खूंटी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार, मुरहू थाना प्रभारी विक्रांत कुमार दल-बल के साथ मौजूद है।
