Palamu Coronavirus News: पलामू में कोरोना संक्रमित की मौत, जिले में अब तक 613 मरीज
Palamu Coronavirus News इलाज के लिए कोविड केयर सेंटर में उसे भर्ती कराया गया था। शुक्रवार की सुबह उसकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई।
पलामू, जासं। Palamu Coronavirus News पलामू में आज एक कोरोना संक्रमित की मौत हो गई है। पलामू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में अंत्यपरीक्षण के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है। 48 वर्षीय संक्रमित शहर के हाउसिंग कालोनी का रहने वाला था। पांच अगस्त को ट्रू नेट से हुई जांच में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इलाज के लिए कोविड केयर सेंटर में उसे भर्ती कराया गया था।
शुक्रवार की सुबह उसकी तबीयत ज्यादा खराब हुई तो बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया था। रांची जाने के क्रम में उसकी मौत हो गई। बताया जाता है कि सांस लेने में उसे काफी परेशानी हो रही थी। मेदिनीनगर स्थित पीएमसीएच के अधीक्षक डा केएन सिंह ने घटना की पुष्टि की। बताया कि वह हाइपरटेंशन, डायबिटीज व अन्य बीमारियों से ग्रसित था। उसके परिजनों की कोरोना जांच होगी।
बता दें कि पलामू में अब तक कोरोना वायरस के कुल 613 मरीज हो गए हैं। इसमें से दो की मौत हो गई है और 285 मरीज स्वस्थ हो गए हैं। जिले में अभी भी सक्रिय मरीजों की संख्या लगभग आधी बची हुई है। राज्य में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। झारखंड में कोराेना के कुल 15 हजार से अधिक केस हो गए हैं।
19537 की जांच में मिल चुके हैं 692 संक्रमित
पलामू में अब विभिन्न माध्यमों से 19537 लोगों का कोरोना के लिए सैंपल लिया गया। इसमें 692 संक्रमित पाए जा चुके हैं। शेष 18845 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जांच में आरटीपीसीआर, ट्रू नेट और एंटीजेन भी शामिल हैं। मालूम हो कि पलामू में शुक्रवार को दूसरे कोरोना संक्रमित की मौत हुई है।