जैव विविधता पार्क में 10 करोड़ के घोटाले की निगरानी से होगी जांच Ranchi News
Jharkhand. रांची के लालखटंगा में बने जैव विविधता उद्यान में दस करोड़ की सरकारी राशि के गबन के मामले में निगरानी जांच का आदेश दिया गया है।
रांची, [दिलीप कुमार]। रांची के लालखटंगा में बने जैव विविधता उद्यान में दस करोड़ की सरकारी राशि के गबन के मामले में निगरानी जांच का आदेश दिया गया है। इसके लिए जिम्मेदार रेंजर सुरेश टोप्पो (अब सेवानिवृत्त) के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति की भी जांच करने के लिए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को आदेश दिया गया है। यह आदेश लोकायुक्त जस्टिस डीएन उपाध्याय ने एक शिकायत पर सुनवाई के दौरान दिया।
हजारीबाग के सूर्या नगर निवासी सामाजिक कार्यकर्ता संजय तिवारी की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए लोकायुक्त ने यह आदेश दिया। इस मामले में सिर्फ दैनिक जागरण में इसी वर्ष 24 अप्रैल को 'जैव विविधता उद्यान पार्क में 10 करोड़ के गबन की शिकायत' शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई थी। संजय तिवारी ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत कर बताया था कि लाल खटंगा का जैव विविधता उद्यान वर्ष 2006 से बनाया जा रहा है। उक्त पार्क में वन एवं पर्यावरण विभाग ने लगभग 20 करोड़ रुपये से ज्यादा राशि का आवंटन किया।
जबकि, कार्य देखने से लगता है कि वहां पांच करोड़ रुपये से ज्यादा का कार्य नहीं हुआ है। तिवारी ने यह भी आरोप लगाया है कि वहां 2017-18 व 2018-19 में करीब आठ करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि आवंटित की गई। यह आवंटन रेंजर सुरेश टोप्पो को किया गया। ये सेवानिवृत्त होने वाले थे। इस रेंजर ने एक वर्ष में पूरी राशि खर्च कर डाली। कार्य देखने से लगता है कि अधिक से अधिक दो करोड़ रुपये ही खर्च हुए, शेष छह करोड़ रुपयों का बंदरबांट हुआ है। तिवारी ने रेंजर पर करोड़ों की अकूत संपत्ति बनाने का भी आरोप लगाया और जांच की मांग की थी।
शिकायतकर्ता ने लिखा, रेंजर के पास मिलेगी 50 करोड़ से अधिक की संपत्ति
शिकायतकर्ता संजय कुमार तिवारी ने लोकायुक्त के न्यायालय को बताया कि आरोपित रेंजर सुरेश टोप्पो के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति की जांच हुई तो उनके पास 50 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति मिलेगी। उनके पास आलीशान मकान और तीन एकड़ जमीन है। इसके अलावा कटहल मोड़ रांची के पास दो एकड़ में फार्म हाउस है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप