Move to Jagran APP

राहुल गांधी के साथ रांची में गलबहियां डाले दिखेंगे हेमंत- बाबूलाल

Rahul Gandhi. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी 2 मार्च को रांची के मोरहाबादी मैदान में विपक्षी महागठबंधन की एकता को प्रदर्शित करते हुए महारैली करेंगे।

By Alok ShahiEdited By: Published: Mon, 25 Feb 2019 12:14 PM (IST)Updated: Mon, 25 Feb 2019 05:45 PM (IST)
राहुल गांधी के साथ रांची में गलबहियां डाले दिखेंगे हेमंत- बाबूलाल
राहुल गांधी के साथ रांची में गलबहियां डाले दिखेंगे हेमंत- बाबूलाल

रांची, [जागरण स्‍पेशल]। परिवर्तन उलगुलान महारैली। रांची के मोरहाबादी मैदान में 2 मार्च को सजने वाला यही वह बड़ा मंच होगा जहां से कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी झारखंड में विपक्षी महागठबंधन के लिए लोकसभा चुनाव 2019 का आगाज करेंगे। झामुमो के कार्यकारी अध्‍यक्ष हेमंत सोरेन और झारखंड विकास मोर्चा सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी भी राहुल का हाथ थामे भाजपा को विपक्ष की ताकत और सामूहिक एकता दिखाएंगे।

loksabha election banner

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अजय कुमार की मानें तो राहुल गांधी के साथ परिवर्तन उलगुलान महारैली में विपक्ष के कई दिग्‍गज चेहरे नजर आएंगे। जो आने वाले दिनों में भाजपा को सत्‍ता से बेदखल करने में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाने वाले हैं। कांग्रेस की ओर से सभी विपक्षी दलों के प्रमुख नेताओं को मंच पर पहुंचने का न्‍योता दिया जा रहा है।

कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार रांची आ रहे राहुल गांधी की रैली को सफल बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय ने पूरी ताकत झोंक रखी है। झारखंड के हर जिले को रैली में लोगों का हुजूम जुटाने का टास्‍क दिया गया है। कहा जा रहा है कि इस मेगा रैली में करीब तीन लाख लोगों को लाने का टारगेट पार्टी पदाधिकारियों को दिया गया है।

बकौल प्रदेश अध्‍यक्ष डॉ अजय कुमार कार्यक्रम में आम जनों की उपस्थिति को लेकर पार्टी की सभी इकाइयों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। इसके अलावा जिलों से भीड़ जुटाने के लिए वरीय नेताओं और प्रभारियों को टारगेट दिया गया है। तैयारियों की निगरानी प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह स्वयं कर रहे हैं। महागठबंधन की आधी-अधूरी रूपरेखा के बीच इस मेगा रैली को कांग्रेस की अंदरखाने की सियासत से दूर रखने के भी प्रयास तेज हो गए हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा. अजय कुमार, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह, सह प्रभारी मध्यप्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री उमंग सिंघार, विधायक मैनूल हक, झारखंड विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम आदि पूरी तन्‍मयता से हर छोटे-बड़े नेता से संपर्क साधने में जुटे हैं, ताकि राहुल गांधी की रैली में कोई कोर-कसर न रह जाए।

झारखंड प्रदेश काग्रेस कमेटी के प्रभारी आरपीएन सिंह बताते हैं कि राहुल गांधी के कार्यक्रम में राज्य के सभी स्तर के कांग्रेस पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है। राजधानी रांची के शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में व्यापक माहौल बनाने की तैयारी भी हो रही है। जिलों में राहुल गांधी की मेगा रैली के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है।

मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाली इस मेगा रैली की तैयारियों पर नजर डालें तो मुख्‍य मंच से लेकर पंडाल तक तमाम गतिविधियों पर आरपीएन खुद नजर रखे हुए हैं। कार्यक्रम स्थल पर आरपीएन सिंह, उमंग सिंघार, मैनूल हक आदि सीनियर नेता पहुंचकर मोर्चा संभाले हुए हैं। कांग्रेस नेताओं की मानें तो अध्यक्ष राहुल गांधी की रैली कांग्रेस के लिए संजीवनी के समान है, वह भी उन परिस्थितियों में जब कांग्रेस के अंदर जमकर बयानबाजी हो रही है। कई नेता दूसरी पार्टी में जाने का मन बना रहे हैं, तो कई आने वाले चुनावों में भीतरघात की तैयारी भी कर रहे हैं। ऐसे में अपनों में उलझी कांग्रेस राहुल गांधी की रैली से कितना फायदा उठाती है, यह देखने वाली बात होगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.