सोशल साइट पर जिस्मफरोशी का धंधा, रांची में नेपाल व बांग्लादेश से लड़कियां बुलाकर करते थे सौदा
Jharkhand Latest News. पुलिस ने मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। कोरोना और लॉकडाउन के कारण सिर्फ पुराने ग्राहकों तक लड़कियां पहुंचाते थे।
रांची, जासं। रांची में जिस्मफरोशी के लिए इन दिनों पड़ोसी देश नेपाल व बांग्लादेश से लड़कियां मंगाई जा रही हैं। सोशल मीडिया वाट्सएप और कुछ वेबसाइट के जरिए इन्हें पुराने ग्राहकों तक पहुंचाया जा रहा है। सूबे में चूंकि लॉकडाउन है, इसलिए सिर्फ पुराने ग्राहकों तक ही यह सेवा समिति है। रांची पुलिस ने मंगलवार को एक ऐसे ही गिरोह का खुलासा करते हुए बांग्लादेश की दो लड़कियों समेत चार को जेल भेजा है। इनसे कई चौंकाने वाली जानकारियां मिली हैं।
जानकारी के अनुसार, इंटरनेट के जरिए कॉल गर्ल की आकर्षक तस्वीर दिखाकर जिस्मफरोशी कराने वाला गिरोह रांची में सक्रिय है। कई वेबसाइट पर कॉल गर्ल का मोबाइल नंबर अश्लील तस्वीरों के साथ उपलब्ध है। इसी के जरिए इस धंधे को अंजाम दिया जाता है। इन वेबसाइटों को साइबर थाने की पुलिस बंद कराती है, पर गिरोह के लोग नई वेबसाइट तैयार कर पुन: इस धंधे को शुरू कर देते हैं। इस धंधे में देशी कॉल गर्ल भी शामिल हैं।
बड़े शहरों से रहती है साठ-गांठ
रांची में सक्रिय सेक्स रैकेट के सरगना के तार बड़े शहरों से भी जुड़े हैं। लालपुर क्षेत्र से पकड़ा गया सरगना राजन बड़े पैमाने पर महानगरों से कॉल गर्ल भी बुलाकर धंधा कराता है। जेल में रहते हुए भी वह इस धंधे को संचालित करने में माहिर है।
मुंबई की सरोज भी गिरोह में शामिल
वॉट्सएप पर सेक्स रैकेट चलाने वाली एक सरगना मुंबई की सरोज भी है। उसके पास लड़की के लिए पहले रजिस्ट्रेशन कराना पड़ता है। इस एवज में वह 300 रुपये लेती है। यह राशि भी वॉट्सएप के माध्यम से ली जाती है। इसके बाद वह लड़की का नंबर व फोटो मुहैया कराती है।
हर जगह बहाल कर रखा है एजेंट
रांची में जिस्मफरोशी के धंधे को सुलभ और हाइप्रोफाइल बनाने में राजन और रुद्र नाम के व्यक्ति का हाथ बताया जाता है। सरगना राजन ने रांची के अलावा बिहार के पटना, भागलपुर व मुंगेर में भी जिस्मफरोशी के धंधे का नेटवर्क बना रखा है। हर जगह एजेंट नियुक्त कर रखा है, जो ग्राहक ढूंढने के बाद राजन से संपर्क करते हैं। इसके बाद कॉल गर्ल की सप्लाई करते हैं।
इन दोनों ने इस धंधे में कई व्यवसायी, नेता और अफसरों को भी ग्राहक बना रखा है। तीन साल पहले राजन व रुद्रा के पकड़े जाने के बाद एक बड़े अधिकारी ने पैरवी भी थी। अभी राजन जेल में बंद है। पुलिस कार्रवाई के बावजूद धंधेबाज शहर में मजबूती से पैर पसारे हुए हैं। हर छापेमारी में गिरोह के सरगना पुलिस चंगुल से फरार हो जाते हैं।
'सेक्स रैकेट चलाए जाने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बरियातू इलाके से चार को दबोचा है। हर संगठित अपराध पर पुलिस की पैनी नजर है। अपराधियों से सख्ती से निपटा जाएगा।' -सुरेंद्र कुमार झा, एसएसपी, रांची।