अपर बाजार के वन-वे का ट्रायल पहले दिन सफल, आज असली परीक्षा
नगर निगम की अधिसूचना के अनुसार रविवार को अपर बाजार के दस रूट ट्रायल के आधार पर वन-वे सफल रहा।
जागरण संवाददाता, रांची :
नगर निगम की अधिसूचना के अनुसार रविवार को अपर बाजार के दस रूट ट्रायल के तहत वन-वे किए गए। पहले दिन यातायात सामान्य दिखी। किसी भी रूट पर जाम जैसी कोई स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। इसकी एक वजह यह भी थी कि रविवार होने के कारण अपर बाजार पर अपेक्षाकृत कम भीड़ थी और ज्यादातर दुकानें बंद थीं। वन-वे किए मार्गो पर सही ट्रायल का सही नतीजा आज सामने आएगा, जब हजारों लोग सबसे व्यस्ततम सड़क पर नई व्यवस्था से पहली बार रू-ब-रू होंगे।
रविवार को सभी मुख्य प्वाइंट पर ट्रैफिक पुलिस तैनात रहे और लोगों को दिशा निर्देश देते नजर आए। साइनेज और बोर्ड के नहीं होने के कारण लोगों को काफी परेशानी हुई और पुलिस के जवानों को भी लोगों को समझाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। कुछ रूट ऐसे भी थे, जहां ट्रैफिक पुलिस की तैनाती नहीं थी। इस वजह से वन-वे मार्ग पर भी दोनों ओर से गाड़ियां आ-जा रही थीं। हालांकि भीड़ नहीं होने से जाम नहीं लगी। ऐसे बदलेगा रूट -
12:00 : रांची विवि गेट -
दो ट्रैफिक पुलिस के जवान और एक एएसआइ भी खड़े हैं। कचहरी चौक से आने वाली गाडि़यों को श्रद्धानंद रोड की ओर मुड़ने से रोक रहे हैं। पास में कोई साइनेज नहीं है। नई व्यवस्था से अनजान लोग थोड़ा चिढ़ भी रहे हैं। जिन्हें पता है वो आगे बढ़ रहे हैं।
12:20 : सर्जना चौक -
चौक पर कोई पुलिस वाला नहीं है। लालजी हीरजी रोड पर गाड़ियां जा भी रही हैं, आ भी रहीं हैं। हालांकि कोई परेशानी नहीं है। 15 मिनट तक वहां कोई पुलिस वाला नहीं आता।
12:25 : विशाल मेगा मार्ट के पास -
यहां भी कोई पुलिस वाला नहीं है, एसएन गांगुली मार्ग पर भी लोग आ भी रहे हैं और जा भी रहे हैं। सड़क संकरी है, थोड़ी परेशानी हो रही है। बाइक वालों पर नियंत्रण नहीं है।
12:45 : शहीद चौक -
कोई पुलिस वाला नहीं है, अपर बाजार की ओर जाने वाली दोनों सड़कों पर लोग आ भी रहे हैं, जा भी रहे हैं। जबकि पुस्तक पथ वन-वे है। नियम का पालन नहीं हो रहा है। साइनेज नहीं होने के कारण किसी को पता भी नहीं है।
12:50 : कोतवाली थाना -
थाना के सामने वाली सड़क पर एक सिपाही खड़ा है। जेजे शरण लेन ये पुस्तक पथ जाने वाली गाड़ियों को रोक रहा है। लोग बात मान भी रहे हैं। ट्रैफिक सामान्य है।
12:52 : जैन मंदिर के पास -
बड़ा तालाब से आने वालों के लिए रांची एक्सप्रेस गली की ओर से घूम कर आना है, लेकिन वहां सिपाही नहीं होने से वन-वे सड़क को दोनों ओर से प्रयोग किया जा रहा है। थोड़ी परेशानी हो रही है। पास में ही एक कार पार्क की हुई है।
12:56 : चुरूवाला -
कोई पुलिस का जवान नहीं है, दोनों ओर से गाड़ियां आ जा रही हैं। भीड़ नहीं है, लेकिन रिक्शा और बाइक के पार्किंग के कारण चौक पर घूमने में दिक्कत हो रही है। लोग हॉर्न बजा रहे हैं।
3:35 : गांधी चौक -
एक पुलिस कर्मी खड़ा है, फोन पर बात कर रहा है। लेकिन महावीर चौक से आने वाली गाड़ियों कुंजलाल स्ट्रीट हो कर जाने को कह रहा है। जो गाड़ियां गांधी चौक के दूसरी ओर हैं, वे वापस शहीद चौक की तरफ जा रही हैं।
3:45 : महावीर चौक -
पुलिस का जवान खड़ा है, लोगों को श्रद्धानंद रोड की ओर भेज रहा है। कुछ लोग नहीं मान रहे हैं, लेकिन सभी को श्रद्धानंद रोड में भेजा रहा है। हालांकि गांधी चौक की ओर भी कुछ गाड़ियां जा रही हैं।
4:00 बजे : सेवा सदन -
सड़क पर पुलिस का जवान नहीं दिख रहा है। गाड़ियां दोनों ओर से आ रही हैं। किसी को जानकारी नहीं है कि सड़क वन-वे है। सड़क पर पार्किग भी हुई है। कभी कभी भीड़ बढ़ रही है।