खूनी संघर्ष : रांची के कर्बला चौक में बीच सड़क पर सरेआम मर्डर, चाकूबाजी में एक की मौत -एक गंभीर
MURDER. राजधानी रांची के कर्बला चौक पर बीती रात चाकूबाजी में एक की मौत हो गई। जबकि घटना में एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया।
रांची, जासं। राजधानी रांची के कर्बला चौक पर शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे हुई चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई। वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हत्या के बाद कर्बला चौक इलाके का माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतक कलालटोली निवासी जैफ आलम उर्फ कल्ला (20) है। वहीं घायल का नाम अफान आलम (21) है। जैफ शांति समिति सदस्य हाजी मकसूद आलम का पुत्र है। वह मारवाड़ी कॉलेज का छात्र था।
वहीं घायल अफान हाजी मसुवा का पुत्र है। घायल को इलाज के लिए मेडिका अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि मृतक जैफ को अपराधियों ने गला घोंटने के बाद चाकू मारकर हत्या कर दी है। जानकारी के अनुसार आपसी विवाद में साजिद सल्लू उर्फ माजिस, आसिफ उर्फ माबो और छोटा उर्फ परमाणु ने मिलकर जैफ उर्फ कल्ला और अफान पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू मारने के बाद सभी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर सिटी डीएसपी प्राण रंजन कुमार, लोअर बाजार इंस्पेक्टर सतीश कुमार, कोतवाली इंस्पेक्टर श्यामानंद मंडल सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की छानबीन की। कर्बला चौक इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं। गली मोहल्लों में पुलिस देर रात तक गश्त करती रही।
बहस के बीच गोद दी चाकू : मृतक के परिजनों के अनुसार जैफ और अफान कर्बला चौक के पास शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे खड़े थे। उसी दौरान साजिद सल्लू उर्फ माजिस, आसिफ उर्फ माबो और छोटा उर्फ परमाणु वहां पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई। बहस के बीच माचिस सहित ने चाकू से वार शुरू कर दिया। तीनों अपराधी दोनों पर टूट पड़े।
इसबीच जैफ उर्फ कल्ला के पेट में चाकू गोद दी। वहीं अफान की पीठ सहित पेट में चाकू मारी । इसके बाद सभी वहां से फरार हो गए। परिजन माचिस की मां के शामिल रहने का भी आरोप लगा रहे हैं। बताया जा रहा है कि गुरुवार को दोनों पक्ष के लोग डोंरडा में स्नूकर खेल रहे थे। वहीं किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दुर्भावना में दूसरे दिन कर्बला चौक पर भिड़े और चाकू गोद दी।
चाकूबाजी के बाद मची अफरा-तफरी : चाकूबाजी के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल को राज अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान कल्ला की मौत हो गई। जबकि अफान को मेडिका में भर्ती करवाया गया है। उसकी स्थिति गंभीर है। बताया जा रहा है कि कल्ला और आफान दोनों रिश्तेदार हैं। दोनों कलाल टोली के रहने वाले हैं।
आरोपित के घर में आग लगाने की कोशिश : मारवाड़ी कॉलेज के छात्र जैफ उर्फ कल्ला की हत्या के बाद कलालटोली के लोग सड़क पर उतर आए और हंगामा भी किया। कर्बला चौक पर सैकड़ों की संख्या में लोग जमा हो गए। इसके बाद लोग अपराधियों के घर पहुंचे। वहां जलाने का प्रयास किया। घर में घुसकर तोड़फोड़ भी और पथराव भी किया।
हालांकि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग माने। इधर प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अपराधियों ने पूरी प्लानिंग के साथ हत्या करने कर्बला चौक पर पहुंचे थे। अपराधियों ने दोनो छात्रों को कर्बला चौक के पतंग हाउस की गली में खींचते हुए ले गए। वहां पर पहले से अपराधियों ने रस्सी व चाकू रखी थी। गली में ले जाने के बाद तीनों अपराधियों ने छात्रों को रस्सी से बाधा और चाकू गोत दिया। जब दोनों छात्र खून से लहूलूहान हो गए, तब तीनों अपराधी भाग निकले।
एक लड़की से जुड़ा मामला आ रहा सामने : पुलिस के अनुसार कल्ला व आफान के साथ अपराधियों की पुरानी दुश्मनी थी। एक लड़की को लेकर करीब एक वर्ष पूर्व भी अपराधियों से झगड़ा हुआ था। उस समय भी दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। मामला लोअर बाजार थाना भी पहुंचा था। दोनों के परिजनों की पहल पर समझौता हो गया था। तीनों आरोपित आपस में भाई बताए जाते हैं।
आपसी विवाद : 'आपसी विवाद में चाकूबाजी हुई है। घटना में शामिल अपराधियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।' अनीश गुप्ता, एसएसपी रांची।