गुमला में खाई में गिरी कार, एक की मौत; 4 अन्य घायल Gumla News
Jharkhand News. हड़हा पाठ पहुंचने से पूर्व ही कार लगभग 30 फीट की खाई में गिर गई। कार के गिरते ही दीपक उरांव की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
गुमला, जासं। गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के सेरेंगदाग हड़हा टोली में आल्टो कार के खाई में गिरने से एक की मौत हो गई व चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार ईचा ग्राम निवासी दीपक उरांव अपनी नानी के दाह संस्कार कार्यक्रम में सेरेंगदाग गड़हा टोली गया था। इसके बाद रात्रि 10 बजे अल्टो कार में दीपक उरांव, सूरज उरांव, सुमन उरांव, जितेंद्र उरांव व एक अन्य युवक कार में सवार होकर हड़हा टोली खाना खाने के लिए जा रहे थे।
इसी दौरान हड़हा पाठ पहुंचने से पूर्व ही कार लगभग 30 फीट की खाई में गिर गई। कार के गिरते ही दीपक उरांव की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि सूरज उरांव व सुमन उरांव सेरेंगदाग निवासी व जितेंद्र उरांव गड़हा टोली निवासी गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों का इलाज घाघरा भगवती हेल्थ केयर में कराया जा रहा है। वहीं सुबह पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी।