Landmines Blast: लोहरदगा में लगातार दूसरे दिन लैंडमाइंस विस्फोट, CRPF जवान घायल
Landmines Blast लोहरदगा में लैंडमाइंस विस्फोट में एक सीआरपीएफ जवान घायल हो गया। सीआरपीएफ जवानों द्वारा घायल जवान को तत्काल इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल लाया गया।
लोहरदगा, जेएनएन। Landmines Blast लोहरदगा जिले में बुधवार को लगातार दूसरे दिन लैंडमाइंस विस्फोट की घटना हुई है। इस घटना में सीआरपीएफ का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल जवान की पहचान अभिजीत उरांव के रूप में हुई है। सीआरपीएफ जवानों द्वारा घायल जवान को तत्काल इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल लाया गया। यहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हेलिकॉप्टर से रांची ले जाया गया।
सीआरएफपी जवान का रांची के मेडिका अस्पताल में इलाज चल रहा है। अभिजीत उरांव (31) की इमरजेंसी में देखरेख के बाद पूरी तरह जांच की गई। डॉक्टरों ने बताया कि ब्लास्ट में मरीज का बायां पैर पूरी तरह से टूट चुका है। इमरजेंसी में प्रारंभिक चिकित्सा के बाद गहन चिकित्सा के लिए आइसीयू में डॉ. दिलीप नायक की देखरेख में किया जा रहा है। डॉक्टर के अनुसार मरीज की स्थिति गंभीर है। शरीर के अन्य हिस्से में ज्यादा चोट नहीं आई, लेकिन उसका पैर को बुरी तरह क्षति हुआ है।
बताया जा रहा है कि लोहरदगा जिले के बगडू थाना अंतर्गत केकरांग झरना के समीप डहू झरिया में जलावन की लकड़ी लाने के लिए गई हुई ग्रामीण महिलाएं लैंडमाइंस विस्फोट की चपेट में आ गई थी। इससे एक किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि इस घटना में चार महिलाएं और किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बुधवार को घटना को लेकर सर्च अभियान में निकली सीआरपीएफ की टीम सुरक्षा को लेकर आरओपी लगा रहे थे। इसी दौरान फिर एक बार लैंडमाइंस विस्फोट हो गया। इसकी चपेट में आने से सीआरपीएफ 158 बटालियन का जवान अभिजीत उरांव गंभीर रूप से घायल हो गया। जवान का बायां पैर उड़ गया है।
घटना के बाद सीआरपीएफ जवानों ने तत्काल घायल जवान को इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने के बाद सीआरपीएफ 158 बटालियन के कमांडेंट प्रभात कुमार संदवार सहित सीआरपीएफ के अधिकारी और जिला पुलिस बल के अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे। जहां घायल के इलाज को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए। इस घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों के अलावे पुलिस प्रशासन के लोग भी सकते में हैं।