Move to Jagran APP

Jharkhand Assembly Election 2019: एकतरफा जीत के माहिर हैं BJP के ओम माथुर, विपक्ष भी वाकओवर देने के मूड में

BJP के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम माथुर को झारखंड के चुनाव प्रभारी के रूप में एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। वे यूपी समेत कई राज्‍यों में भाजपा को भारी जीत दिला चुके हैं।

By Alok ShahiEdited By: Published: Sat, 10 Aug 2019 07:29 AM (IST)Updated: Sat, 10 Aug 2019 07:29 AM (IST)
Jharkhand Assembly Election 2019: एकतरफा जीत के माहिर हैं BJP के ओम माथुर, विपक्ष भी वाकओवर देने के मूड में
Jharkhand Assembly Election 2019: एकतरफा जीत के माहिर हैं BJP के ओम माथुर, विपक्ष भी वाकओवर देने के मूड में

रांची, [जागरण स्‍पेशल]। भारतीय जनता पार्टी में परदे के पीछे के बड़े रणनीतिकार कहे जाने वाले ओम माथुर अब झारखंड के चुनाव प्रभारी के रूप में बड़ी जिम्‍मेवारी निभा रहे हैं। बीते दिन भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह ने एकतरफा जीत के माहिर ओम प्रकाश माथुर को झारखंड विधानसभा चुनाव की कमान देकर यह साफ जाहिर कर दिया कि 81 सीटों वाला यह छोटा राज्‍य बीजेपी के लिए कितना महत्‍वपूर्ण है। लोकसभा चुनाव में14 में से 12 सीटों पर शानदार जीत दर्ज कराने के बाद भी पार्टी विधानसभा चुनाव को कतई हल्‍के में नहीं ले रही।

loksabha election banner

सत्‍तारुढ़ पार्टी के मुख्‍यमंत्री रघुवर दास ने भी फिर से वापसी करने में पूरी ताकत झोंक रखी है। खासकर संथाल में मुख्‍य विपक्षी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा को करारी शिकस्‍त देने के बाद से वे पूरे रौ में नजर आ रहे हैं।  भाजपा ने झारखंड में एक बार फिर सत्‍तासीन होने का दम भरते हुए पहले ही 65 प्‍लस का टारगेट सेट कर रखा है। लिहाजा भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम माथुर को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।

ओम माथुर उत्‍तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों में पार्टी को शानदार जीत दिलवाने में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। उन्‍हें महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में भी भाजपा की बड़ी जीत का सूत्रधार माना गया। माथुर बूथ लेवल तक संगठन के जबरदस्त जानकार तथा निचले तबके तक पकड़ बनाने में सिद्धहस्‍त कहे जाते हैं। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने झारखंड में भारी जीत सुनिश्चित करने के लिए इस कद्दावर नेता को मैदान में उतारा है।

भाजपा की चुनावी तैयारी, घोषित हुए प्रभारी-सह प्रभारी
भाजपा ने झारखंड विधानसभा चुनाव की तैयारी आरंभ कर दी है। इस कड़ी में आलाकमान ने उन तमाम राज्यों में संगठनात्मक स्तर पर चुनाव प्रभारियों और सह प्रभारियों के नाम का एलान किया है, जहां जल्द विधानसभा के चुनाव होंगे। झारखंड में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर को प्रभारी घोषित किया गया है, जबकि बिहार सरकार के मंत्री नंदकिशोर यादव चुनाव सह प्रभारी होंगे।

गौरतलब है कि विपक्षी दलों की लचर तैयारी के बीच भाजपा ने प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर काफी पहले तैयारी आरंभ कर दी थी। इस कड़ी में विधानसभा स्तर पर सम्मेलन हो चुके हैं। इन सम्मेलनों में स्वयं मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है ताकि कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा रहे। इसके अलावा वरीय नेताओं को भी क्षेत्रवार जिम्मेदारी सौंपी गई है ताकि वे वहां की जमीनी स्थिति के मुताबिक तैयारियों को अंतिम रूप दे सकें।

चुनाव के मद्देनजर विधायक दल और कोर कमेटी की कई दौर की बैठकें भी हो चुकी है। सदस्यता अभियान के बहाने पार्टी अधिक से अधिक वोटरों के दरवाजे पर दस्तक दे रही है। प्रभारियों का नाम तय होने के बाद पार्टी अब विधानसभावार वैसे प्रत्याशियों का नाम तय करने की प्रक्रिया में जुटेगी जिनकी जीत की बेहतर संभावना होगी।

13 को आएंगे नंदकिशोर यादव
प्रभारियों का नाम तय होने के साथ ही उनके दौरे शुरू हो जाएंगे। सह प्रभारी घोषित किए जाने के बाद दैनिक जागरण से बातचीत में बिहार सरकार के मंत्री नंदकिशोर यादव ने कहा कि वे 13 अगस्त को रांची आएंगे। उस दिन प्रदेश भाजपा कोर कमेटी की बैठक तलब की गई है। इसमें तमाम वरीय नेता मौजूद रहेंगे। उन्होंने प्रदेश स्तर के वरीय अधिकारियों संग बातचीत भी की है।

नंद किशोर यादव ने कहा कि झारखंड में संगठनात्मक दृष्टिकोण से उनका पूर्व में काफी आना-जाना लगा रहता था। अलग प्रांत बनने के बाद उनका संपर्क कम हो गया। अब वे लगातार दौरा कर राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों से वाकिफ होंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव की तरह विधानसभा चुनाव में भी भाजपा के पक्ष में बेहतर परिणाम आएगा। पूरी टीम मिलकर प्रदेश में सघन अभियान चलाएगी।

ओमप्रकाश माथुर
राजस्थान प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष रह चुके हैं। राज्यसभा में भाजपा के सदस्य रहे। संप्रति भाजपा के राष्ट्रीय प्रभारी हैं। बतौर प्रभारी कई राज्यों में कार्य करने का विस्तृत अनुभव। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली भारी बहुमत के पीछे माथुर की मेहनत और उनकी रणनीति को काफी महत्व मिला था। पिछली बार महाराष्ट्र और गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली जीत में भी माथुर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

नंदकिशोर यादव
बिहार मेंं भाजपा के कद्दावर नेताओं में शुमार। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से शुरूआत। पटना नगर निगम के पार्षद रहे। पटना पूर्वी से लगातार छह बार विधानसभा चुनाव जीतने का रिकार्ड। बिहार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रहे। फिलहाल बिहार सरकार में मंत्री हैं।

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.