झारखंड में अब 164 दिनों में दोगुने हो रहे कोरोना के मामले
झारखंड में कोरोना के संक्रमण में कितनी कमी आई है इसका अंदाजा इससे लगा सकते हैं कि अब यहां कोरोना के मामले 164 दिनों में दोगुना हो रहे हैं।
रांची : झारखंड में कोरोना के संक्रमण में कितनी कमी आई है, इसका अंदाजा इससे लगा सकते हैं कि अब यहां कोरोना के मामले 164 दिनों में दोगुना हो रहे हैं। एक समय में झारखंड में 15 दिनों में ही कोरोना के मामले दोगुने हो रहे थे। झारखंड में मरीजों के स्वस्थ होने की दर भी 94 फीसद पहुंच गई है। इधर, बुधवार को 35,347 लोगों की कोरोना जांच हुई जिनमें महज 345 ही पॉजिटिव पाए गए। इस तरह, पॉजिटिविटी रेट एक फीसद से भी कम (0.97 फीसद) रही। राहत की बात यह भी है कि राज्य में 24 घंटे के भीतर 452 मरीज स्वस्थ भी हुए।
बुधवार को किसी भी जिले में सौ या इससे अधिक मरीज नहीं मिले। सबसे अधिक 92 मरीज रांची में मिले। इसके अलावा बोकारो में 30, देवघर में 19, धनबाद में 53, दुमका में पांच, पूर्वी सिंहभूम में 27, गढ़वा में 15, गिरिडीह में दो, गोड्डा में तीन, गुमला में 14, हजारीबाग में 13, जामताड़ा में पांच, खूंटी में एक, कोडरमा में सात, लातेहार में दो, लोहरदगा में 26, पाकुड़ में दो, पलामू में दो, रामगढ़ में तीन, साहिबगंज में दो, सरायकेला खरसावां में पांच, सिमडेगा में छह तथा पश्चिमी सिंहभूम में 11 लोग संक्रमित मिले। चतरा में कोई संक्रमित नहीं मिला है।
इधर, बुधवार को ही बोकारो में 49, चतरा में 17, देवघर में 19, धनबाद में 36, दुमका में 19, पूर्वी सिंहभूम में 30, गढ़वा में सात, गिरिडीह में एक गोड्डा में आठ, गुमला में 25, हजारीबाग में 12, जामताड़ा में एक, लातेहार में नौ, लोहरदगा में 27, पाकुड़ में दो, पलामू में 10, रामगढ़ में 41, रांची में 102, साहिबगंज में आठ, सरायकेला खरसावां में 12 तथा पश्चिमी सिंहभूम में 17 मरीज स्वस्थ भी हुए। वहीं, रांची के दो तथा लोहरदगा व देवघर के एक-एक मरीज की मौत इलाज के क्रम में हो गई।
-----------