कहीं नए हॉटस्पॉट न बन जाए शहर के बाद प्रखंड, तेजी से बढ़ रहे मामले
शहरी क्षेत्र के बाद अब कहीं राजधानी के प्रखंडों में कोरोना का कहर न फैल जाए। इस पर ध्यान रखना होगा।
जागरण संवाददाता, रांची : शहरी क्षेत्र के बाद अब कहीं राजधानी के प्रखंडों में कोरोना का हॉटस्पॉट न बन जाए। जिस तरह से प्रखंडों में संक्रमण की पुष्टि हो रही है इसका अनुमान आसानी से लगाया जा सकता है कि फिलहाल यह स्थिति सुधरने वाली नहीं है। दूसरे प्रदेशों से सबसे ज्यादा प्रवासी विभिन्न पखडों में लौट रहे हैं। रांची में पहले से सात प्रखंड में संक्रमण की पुष्टि हुई थी, सोमवार को भी सिल्ली प्रखंड में एक साथ 10 पॉजिटिव मामलों की पुष्टि हुई है। अगर प्रखंडों में संक्रमण का दायरा कम नहीं हुआ तो शहरवासियों को इससे ज्यादा परेशानी हो सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि शहरी आबादी पूरी तरह से ग्रामीण इलाकों पर निर्भर है। सब्जियां हो या अन्य खाद्य पदार्थ सभी की सप्लाई गांवों से ही शहर में होती है। शहर का हेल्दी लाइफ स्टाइल गांवों पर निर्भर करता है। अब तक नौ प्रखंड में मिल चुके है कोरोना पॉजिटिव मरीज
रांची में आठ प्रखंड कोरोना की चपेट में आ चुकी है। अब तक आठों प्रखंड इससे उभर नहीं सकी है। जैसे ही प्रखंड क्षेत्र का कोई भी संक्रमित स्वस्थ हो रहा है वैसे ही दूसरे पॉजिटिव मामले प्रखंडों में पहुंच रहे है। शहर से सटे नामकुम प्रखंड, अनगड़ा प्रखंड, मांडर, चान्हो, कांके, बूंडू, बेड़ो, इटकी और सिल्ली में पॉजिटिव मामलों की पुष्टि हो चुकी है। बेड़ो, इटकी, कांके के अलावा छह प्रखंड मेंअब भी केस एक्टिव
बेड़ो प्रखंड से कोरोना के कुल पांच मामले मिले थे। सभी स्वस्थ हो चुके है। इसके अलावा इटकी के तीन और कांके का एक मामला भी पूरी तरह स्वस्थ है। वर्तमान में अनगड़ा के पांच मामले में एक एक्टिव है। जबकि नामकुम, मांडर, चान्हो, बूंडू और सिल्ली में भी कोरोना का संक्रमण बरकरार है। --------
प्रखंडों में कब कब मिले कितने संक्रमित
19 अप्रैल - 1 - बेडो - स्वस्थ
23 अप्रैल - 1 - बेडो - स्वस्थ
27 अप्रैल - 7 - (3 बेडो, 1 काके, 3 इटकी) - स्वस्थ
13 मई - 1 - माडर - भर्ती
14 मई - 4 - अनगड़ा - भर्ती
17 मई - 1 - तुपुदाना - भर्ती
21 मई - 7 - (3 माडर, 4 चान्हो) - भर्ती
23 मई - 1 अनगड़ा
24 मई - 1 बूंडू
25 मई - 10 सिल्ली