Delhi Nizamuddin Markaz: तब्लीगी मरकज पर झारखंड में अब तक कार्रवाई नहीं, पूरे देश के लिए बने हैं खतरा
Tablighi Jamaat. नई दिल्ली के निजामुद्दीन से विभिन्न राज्यों तक कोरोना वायरस के कैरियर बने। वे जांच में भी सहयोग नहीं कर रहे हैं। प्रशासन पसोपेश में।
रांची, राज्य ब्यूरो। Delhi Nizamuddin Markaz नई दिल्ली के निजामुद्दीन से विभिन्न राज्यों में कोरोना वायरस को पहुंचाने के मामले में घिरे तब्लीगी जमात के लोगों, विदेशी नागरिकों पर झारखंड में अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। सिर्फ उन्हें जांच और इलाज के लिए क्वारंटाइन किया गया है। इतना ही नहीं, इससे जुड़े लोगों का सत्यापन कार्य भी पूरा नहीं हो सका है।
अब तो यह भी सूचना मिल रही है कि इस जमात से जुड़े लोग प्रशासन की मदद भी नहीं कर रहे हैं। जांच अधिकारी, डॉक्टर, नर्स तक को पूरा सहयोग नहीं मिल रहा है। जब प्रशासन इलाज से लेकर आब्जर्वेशन तक में दिक्कत महसूस करने लगा तो विवश होकर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के जवानों का मदद लिया। देश के स्तर पर कुल 960 विदेशी तब्लीगी को काली सूची में डाला जा चुका है।
उनका वीजा रद किया जा चुका है। इनपर विदेशी कानून व आपदा प्रबंधन कानून के तहत कार्रवाई की तैयारी है। वहीं, पूरे देश में 9000 तब्लीगी जमात व इससे जुड़े लोगों को आइसोलेशन में डाल दिया गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की मानें तो अन्य तब्लीगियों का टेस्ट किया जा रहा है, उनमें कोरोना से ग्रसित होने वालों की संख्या बढ़ सकती है। रांची में तब्लीगी जमात से जुड़े लोगों की भी सिर्फ जांच कराई जा रही है। अब तक यहां कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा सकी है। पुलिस-प्रशासन को सहयोग नहीं करने के मामले में भी कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है।