रांची से यूपी-राजस्थान जाना होगा आसान, 4 नवंबर से चलेगी सांतरागाछी-खातीपुरा नई साप्ताहिक एक्सप्रेस
रांची होकर सांतरागाछी और खातीपुरा के बीच नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन 4 नवंबर से शुरू होगा। यह ट्रेन ...और पढ़ें

सांतरागाछी-खातीपुरा साप्ताहिक एक्सप्रेस
जागरण संवाददाता, रांची। रांची होकर सांतरागाछी और खातीपुरा के बीच नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का नियमित परिचालन चार नवंबर से शुरू होगा। ट्रेन संख्या 18061 सांतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार को सांतरागाछी से चलेगी, जबकि ट्रेन संख्या 18062 खातीपुरा-सांतरागाछी एक्सप्रेस प्रत्येक शुक्रवार को खातीपुरा से रवाना होगी।
इस ट्रेन के चलने से रांची सहित मार्ग के अन्य स्टेशनों के यात्रियों को उत्तर प्रदेश और राजस्थान की ओर यात्रा करने के लिए एक अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
चार नवंबर से प्रत्येक बुधवार को
ट्रेन संख्या 18061 सांतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस चार नवंबर से प्रत्येक बुधवार को सांतरागाछी से दोपहर 2:15 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन रात 10:50 बजे रांची पहुंचेगी और 11:05 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद लोहरदगा, टोरी, डालटनगंज और गढ़वा रोड होते हुए अगले दिन गुरुवार रात 11 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 18062 खातीपुरा-सांतरागाछी एक्सप्रेस छह नवंबर से प्रत्येक शुक्रवार को खातीपुरा से सुबह 9:15 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन शनिवार सुबह 10:45 बजे रांची पहुंचेगी और 11 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद मूरी, पुरुलिया, चांडिल, टाटानगर और खड़गपुर होते हुए शनिवार शाम 7:45 बजे सांतरागाछी पहुंचेगी।
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
सांतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस का ठहराव खड़गपुर, टाटानगर, चांडिल, पुरुलिया, मूरी, रांची, लोहरदगा, टोरी, डालटनगंज, गढ़वा रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, प्रयागराज, कानपुर, टूंडला, ईदगाह आगरा और दौसा स्टेशनों पर होगा। वापसी में भी ट्रेन इन्हीं स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
22 कोच के साथ चलेगी ट्रेन
नई साप्ताहिक एक्सप्रेस में कुल 22 कोच होंगे। इनमें वातानुकूलित प्रथम श्रेणी का एक, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के दो, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के चार और वातानुकूलित तृतीय श्रेणी इकोनामी के दो कोच शामिल हैं। इसके अलावा छह स्लीपर, चार सामान्य श्रेणी, एक रसोई यान, एक एसएलआरडी और एक जनरेटर यान का कोच होगा।
