ट्रेनों में रात 11 से सुबह 5 बजे तक बंद रहेंगे मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, निर्देशों का सख्ती से पालन करना अनिवार्य
भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ट्रेनों में मोबाइल चार्जिंग ...और पढ़ें

लापरवाही रोकने के लिए अधिकारियों के स्तर पर होंगे औचक निरीक्षण।
HighLights
रात 11 से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग प्वाइंट बंद।
पावर बैंक फटने की घटना के बाद लिया गया निर्णय।
रेलवे बोर्ड ने सभी क्षेत्रीय रेलवे को दिए सख्त निर्देश।
शक्ति सिंह, रांची। ट्रेनों में रात के समय मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट चालू छोड़ना यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। कुछ दिन पहले दक्षिण पूर्व रेलवे में ऐसी ही एक घटना सामने आई, जहां रात में मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट बंद नहीं किए गए।
इस दौरान एक यात्री का पावर बैंक चार्जिंग के समय धुएं के साथ फट गया। घटना के बाद रेलवे बोर्ड ने सभी क्षेत्रीय रेलवे को रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक कोचों में लगे मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट अनिवार्य रूप से बंद रखने का निर्देश दिया है। इस अवधि में नियम के पालन को लेकर किसी भी तरह की छूट नहीं देने को कहा गया है।
पहले भी जारी हो चुके हैं निर्देश
रेलवे बोर्ड ने मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट बंद रखने को लेकर 19 जून 2014 को भी निर्देश जारी किए थे। इसके बावजूद दक्षिण पूर्व रेलवे में निर्धारित अवधि के दौरान चार्जिंग प्वाइंट बंद नहीं किए गए।
पावर बैंक में हुई घटना ने निर्देशों के सख्ती से पालन की जरूरत को फिर सामने ला दिया है। रेलवे बोर्ड ने 26 अक्टूबर 2026 को जारी नए निर्देश में सभी क्षेत्रीय रेलवे को व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।
कर्मचारियों को देना होगा प्रशिक्षण
रेलवे बोर्ड ने संबंधित कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देने के साथ उन्हें आवश्यक परामर्श और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने को कहा है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक सभी कोचों में मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट बंद रहें। निर्देशों के पालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने को कहा गया है।
औचक निरीक्षण से होगी निगरानी
चार्जिंग प्वाइंट बंद रखने की व्यवस्था की निगरानी के लिए अधिकारियों और पर्यवेक्षकों के स्तर पर औचक निरीक्षण किए जाएंगे। सभी क्षेत्रीय रेलवे को निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करना होगा। रेलवे बोर्ड ने साफ किया है कि निर्धारित समय के दौरान चार्जिंग प्वाइंट बंद रखने के नियम में कोई अपवाद स्वीकार नहीं किया जाएगा।
यात्रियों के सुरक्षा के लिए यह जरूरी है वह रात में मोबाइल चार्जिंग न करें। थोड़ी-सी भी लापरवाही महंगी पड़ सकती है। इसलिए रात में सोते वक्त स्वीच आफ रखें।
करुणा निधि सिंह
-डीआरएम, रांची रेल मंडल
