राजधानी में होगा नए नाले व नालियों का निर्माण, गहरे किए जाएंगे बड़े नाले
नगर निगम ने राजधानी को बरसात में होने वाले जल भराव से निजात दिलाने के लिए नाले को बड़ा करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए रांची नगर निगम प्लान तैयार कर रहा है।
जागरण संवाददाता, रांची : नगर निगम ने राजधानी को बरसात में होने वाले जल भराव से निजात दिलाने खाका तैयार किया है। राजधानी में इस साल बड़े नालों को गहरा किया जाएगा। ताकि इनमें से ज्यादा से ज्यादा पानी एक साथ शहर से बाहर जा सके और राजधानी को जलभराव से निजात मिल सके। इसके अलावा नए नालों का निर्माण होगा। नई नालियां भी बनाई जाएंगी। नए नाले और नई नालियों के निर्माण के नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने उप नगर आयुक्त को शहर का सर्वे कराने के बाद रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। जल्द ही इसके लिए शहर में सर्वे शुरू कर दिया जाएगा। ये सर्वे जल भराव वाले इलाकों में होगा।
गौरतलब है कि शहर का ड्रेनेज सिस्टम ठीक नहीं है। इस वजह से बरसात में राजधानी में जलभराव हो जाता है। कम बारिश में भी नाले उबल पड़ते हैं, क्योंकि नालों में गाद जम गई है। यह नाले उथले हो गए हैं। इसलिए अब इन नालों को गहरा करना बेहद जरूरी है। नाले गहरे होंगे तो वह अपने अंदर ज्यादा पानी लेकर बह सकेंगे। राजधानी में हर साल बरसात में जलभराव को लेकर शोर मचता है। बरसात के बाद आम लोगों के साथ-साथ संबंधित विभाग के लोग भी भूल जाते हैं। इस बार नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने इस पर काम करने की मंशा जाहिर की है। उन्होंने पूरे प्लान का खाका तैयार किया है। जल्द ही इस पर अमल शुरू कर दिया जाएगा।
------------
पार्षदों से भी ली जाएगी सलाह
सर्वे में देखा जाएगा कि कहां-कहां नाले की जरूरत है। जहां बड़े नाले की जरूरत है और स्थान उपलब्ध होगा तो वहां बड़े नालों का निर्माण कराया जाएगा। जहां नालियों की जरूरत है, वहां नालियां बनाई जाएंगी। नगर निगम इसके लिए पार्षदों से भी सलाह ले रहा है। पार्षद अपने इलाके में नाला या नाली के निर्माण के लिए प्रस्ताव भेज सकते हैं। प्रस्तावों पर मंथन के बाद इस को अंतिम रूप दिया जाएगा और उसके बाद नाला या नाली निर्माण का टेंडर होगा।
-----
हर साल ढंग से नहीं होती नाले और नाली की सफाई
नगर निगम को हर साल नाले और नाली की सफाई करवानी होती है। इसके लिए टेंडर भी किया जाता है, लेकिन ठेकेदार सफाई का काम ढंग से नहीं करवाते हैं। आधी-अधूरी नाली साफ करके पैसा निकाल लिया जाता है। सूत्रों की मानें तो इस काम में नगर निगम के अधिकारियों की भी मिलीभगत होती है।
------
नगर निगम राजधानी को बरसात में होने वाले जल भराव से निजात दिलाने का खाका तैयार कर रहा है। इसके तहत नालों को गहरा किया जाएगा। जहां जरूरत होगी नए नाले व नालियां भी बनाई जाएंगी।
मुकेश कुमार, नगर आयुक्त, रांची नगर निगम