धौनी के फार्म हाउस में तैयार की जा रही नई नस्ल की गाय, झारखंड के किसानों को मुफ्त में देने की योजना
डेनमार्क की गायों की तरह यहां नई नस्ल की गाय तैयार की जा रही है। बाद में इन गायों को मुफ्त में झारखंड के किसानों को माही भेंट करेंगे। माही ने इस योजना को अभी सर्वाजनिक नहीं किया है। गाय तैयार होने के एक साल बाद वितरित होंगी।
संजीव रंजन, रांची : क्रिकेट के बाद जैविक खेती में करने वाले भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी जल्द ही झारखंड के किसानों को गाय मुफ्त में देंगे। इस पर उन्होंने अपना काम भी शुरू कर दिया है। सेम्बो में उनका फार्म हाउस है। यहां माही का सपना आकार ले रहा है। यानी नई नस्ल की गाय तैयार की जा रही है। बताया जा रहा कि डेनमार्क की गायों की तरह यहां नई नस्ल की गाय तैयार की जा रही है। बाद में इन गायों को मुफ्त में झारखंड के किसानों को माही भेंट करेंगे। माही ने इस योजना को अभी सर्वाजनिक नहीं किया है। इसे अभी गुप्त रखा है, लेकिन उनके यहां काम करने वाले की मानें तो जब फार्म हाउस तैयार किया जा रहा था तभी धौनी ने यह विचार व्यक्त किया था। वे ऐसी गाय की नस्ल चाहते हैं, जो दूध अधिक दे, ताकि यहां के किसानों को इससे अधिक लाभ मिल सके। इसके लिए वे अपने एक मित्र पशु डाक्टर की मदद ले रहे हैं। माही की योजना है कि यह नस्ल डेनमार्क की गायों की तरह होगी जो भरपूर दूध देंती हैं।
नस्ल तैयार होने के एक साल बाद किसानों को करेंगे वितरित
बताया जाता है कि नए नस्ल की गाय तैयार होने के लगभग एक साल बाद धौनी किसानों को गाय वितरित करेंगे। जिन किसानों को गाय देंगे उसका पूरा विवरण अपने पास रखेंगे। बीच-बीच में जाकर खुद ही गायों की स्थिति की जानकारी लेंगे। जो किसान इन गायों को सही तरीके से नहीं रखेंगे उनसे गाय वापस ले लेंगे। धौनी के फार्म हाउस में अभी लगभग 105 गाय है। इसमें फ्रांस की फ्रीजियन, साहीवाल, पंजाब के साथ-साथ स्थानीय गाय भी शामिल हैं।
फूल गोभी और टमाटर की हो रही है बिक्री
सैम्बो स्थित फार्म हाउस में धौनी जैविक खेती कर रहे हैं। अभी उनके खेत का टमाटर और गोभी बाजार में उपलब्ध है। टमाटर और गोभी दोनों क्रमश: 40-40 रुपये किलो बिक रहे हैं। जल्द ही मटर की फसल भी बाजार में उपलब्ध होगी। शहर में छह स्थानों पर माही ने अपना सेंटर बना रखा है, जहां से अपनी सब्जी की बिक्री कर रहे हैं।
कड़कनाथ के लिए अभी से बढ़ गई है मांग
अपने फार्म हाउस में धौनी मछली और मुर्गी पालन भी कर रहे हैं। उनके द्वारा पाले जा रहे कड़कनाथ मुर्गे की मांग अभी से होने लगी है। फार्म हाउस में काम करने वाले बता रहे हैं कि लोग अभी से कड़कनाथ के संबंध में पूछ रहे हैं। अधिकतर लोग यह जानना चाहते हैं कि कड़कनाथ कब बाजार में उपलब्ध होगा। धौनी के फार्म हाउस की गायों की देखभाल करने वाले डाक्टर विश्वनाथ ने बताया कि सभी काम योजना के अनुसार हो रहा है। अभी बाजार में तीन सौ लीटर दूध जा रहा है। कई काम अभी होने हैं, समय पर जानकारी दी जाएगी। रांची के रातू रोड की रहने वाली प्रभा वर्मा कहती हैं कि माही के फार्म हाउस का दूध और सब्जी काफी उन्नत किस्म के होते हैं। खाने में स्वादिष्ट लगते हैं। स्वास्थ्य के लिए लाभदायक हैं। यही वजह है कि वह उनके फार्म हाउस के उत्पाद को पसंद करती हैं।