घास काटने गए चाचा-भतीजा आए करंट की चपेट में, भतीजे की मौत-चाचा झुलसा Ranchi News
रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र में अहले सुबह दोनों मवेशियों के लिए घास काटने गए थे। इसी दौरान दोनों बिजली तार की चपेट में आ गए। मौके पर ही भतीजे की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक परिजनों का बुरा हाल है।
बेड़ो (रांची), जासं। रांची जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र के करांजी गांव में बिजली करंट की चपेट में आने से 10 वर्षीय शुभम महतो की मौत हो गई। वहीं, 32 वर्षीय छोटू महतो गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों रिश्ते में चाचा भतीजा हैं। घटना के बाद ग्रामीणों व स्वजनों ने दोनों को बेड़ो सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद भतीजा शुभम महतो को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से झुलसे चाचा छोटू महतो का इलाज एक निजी क्लीनिक में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार सोमवार की अहले सुबह लगभग 5 बजे चाचा व भतीजा मवेशियों के लिए घास काटने के लिए खेत में गए थे। इसी दौरान बिजली करंट की चपेट में आ गए। घटना के बाद से स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम छाया हुआ है। गौरतलब हो कि विगत दो दिनों पूर्व अनगड़ा प्रखंड में एक व्यकित की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। ग्रामीण इलाकों में गत कुछ दिनों में कई मवेशियों की मौत हो चुकी है।