महिला आयेग ने लिया सिमडेगा MLA भूषण बाड़ा POCSO केस का स्वतः संज्ञान, DGP से 7 दिन में ATR मांगा; मामले में नया मोड़
राष्ट्रीय महिला आयोग ने सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग के यौन शोषण के आरोपों का स्वतः संज्ञान ...और पढ़ें

सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा POCSO मामले में NCW का सख्त रुख, DGP को जांच के निर्देश। (फोटो: फाइल)
HighLights
राष्ट्रीय महिला आयोग ने विधायक भूषण बाड़ा POCSO मामले का संज्ञान लिया।
DGP को निष्पक्ष जांच और 7 दिन में कार्रवाई रिपोर्ट देने का निर्देश।
पीड़िता की गोपनीयता, सुरक्षा और कानूनी सहायता सुनिश्चित करने को कहा।
जागरण संवादाता, रांची। राष्ट्रीय महिला आयोग ने अखबारों में प्रकाशित खबर झारखंड के सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची के कथित यौन शोषण के आरोपों से संबंधित मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है।
रिपोर्ट के अनुसार, विधायक के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। नाबालिग ने विधायक के परिवार के सदस्यों पर मारपीट, गाली-गलौज तथा शारीरिक एवं मानसिक उत्पीड़न के आरोप भी लगाए हैं। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने झारखंड के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर इन आरोपों की विस्तृत, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने को कहा है।
इसमें स्कूल में दाखिला दिलाने के बहाने नाबालिग को सिमडेगा से रांची लाए जाने की परिस्थितियों की जांच भी शामिल है। आयोग ने उचित कानूनी कार्रवाई, पीड़िता की पहचान की गोपनीयता सुनिश्चित करने तथा उसे समुचित चिकित्सा, मनोवैज्ञानिक एवं कानूनी सहायता उपलब्ध कराने को कहा है।
जांच किसी भी राजनीतिक या बाहरी प्रभाव से मुक्त होनी चाहिए तथा पीड़िता को किसी भी प्रकार की धमकी या दबाव से सुरक्षित रखा जाना चाहिए। आयोग ने 7 दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।
आयोग ने जोर दिया कि प्रत्येक बच्चे की सुरक्षा, गरिमा और अधिकार सर्वोपरि हैं। किसी नाबालिग के यौन शोषण से जुड़े आरोपों की जांच पूरी गंभीरता, निष्पक्षता और तत्परता से की जानी चाहिए। आरोपी का पद या प्रभाव कानून के प्रति जवाबदेही में बाधा नहीं बन सकता।
मामले में अब तक क्या-क्या हुआ
मई 2026: सिमडेगा की 14-15 वर्षीय आदिवासी लड़की को दो महिलाओं (एमा बाड़ा और जोसीमा खाखा, विधायक परिवार से जुड़ी बताई गईं) द्वारा स्कूल में दाखिला और पढ़ाई का वादा कर रांची लाया गया। आरोप है कि उसे विधायक के आधिकारिक आवास पर घरेलू काम करने को मजबूर किया गया और प्रताड़ित किया गया।
05 अगस्त 2026: लड़की ने आरोप लगाया कि रांची स्थित विधायक आवास पर भूषण बाड़ा ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके अनुसार वह गर्भवती हुई और बाद में मेडिकल जांच में गर्भपात का पता चला। उसने परिवार के सदस्यों पर भी उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी के आरोप लगाए।
13 नवंबर 2026: लड़की की शिकायत पर रांची के धुर्वा/विधानसभा थाने में भूषण बाड़ा के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम के तहत FIR दर्ज हुई। पुलिस ने मेडिकल जांच करवाई। विधायक ने आरोपों को “पूरी तरह झूठा और भ्रामक” बताया तथा राजनीतिक साजिश (पार्टी से निकाले गए सदस्यों और विपक्ष का हाथ) करार दिया। BJP ने तुरंत गिरफ्तारी की मांग की और प्रदर्शन किए।
13-14 नवंबर: लड़की के दादा ने सिमडेगा के पाकरटांड़/पतराटांड़ थाने में दो लोगों (दिलीप तिर्की और अभिषेक भारती, जिनमें एक यूट्यूब कंटेंट क्रिएटर बताया गया) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि उन्होंने लड़की का अपहरण किया, डराया-धमकाया और विधायक के खिलाफ झूठा बयान दिलवाया। पुलिस ने इनके खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो की धाराओं में FIR दर्ज की।
14 नवंबर: पीड़िता ने रांची कोर्ट में मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराया। वह चाइल्ड वेलफेयर कमिटी की देखभाल में है। JMM ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। NCST ने भी मीडिया रिपोर्ट्स पर ध्यान दिया है।
मामला फिलहाल जांच के अधीन है। दोनों तरफ के आरोप (POCSO FIR और काउंटर FIR) सामने आने से यह जटिल हो गया है। पुलिस सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। विधायक ने पूरे मामले को विरोधियों की साजिश कहा है।
महिला आयोग की मांग के बाद जांच पर अतिरिक्त निगरानी बढ़ने की उम्मीद है। सोशल मीडिया में आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। विधायक समर्थकों की ओर से यूट्यूबर अभिषेक भारती के पुराने मामले भी निकाले जा रहे है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।