यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 16, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
राष्ट्रीय नेत्र ज्योति अभियान: आज से गांव के घर-घर जाकर होगी मोतियाबिंद के संभावित मरीज की जांच
National Eye Jyoti Abhiyan केंद्र सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रीय नेत्र ज्योति अभियान के तहत हर जिले के गांव में घर-घर जाकर आज से मोतियाबिंद के संभावित मरीज की जांच होगी। जांच में मोतियाबिंद की पुष्टि होने पर सामान्य तौर पर वहीं ऑपरेशन होगा। गंभीर मरीजों को मेडिकल कॉलेज भेजा जाएगा।

रांची, जासं। National Eye Jyoti Abhiyan आज से केंद्र सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रीय नेत्र ज्योति अभियान के तहत जिले में यह अभियान शुरू होगा। जिलों में अभियान का नेतृत्व उपायुक्त करेंगे। इसके तहत झारखंड भर में सहिया व एमपीडब्ल्यू गांव-गांव में घर-घर जाकर 50 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वैसे व्यक्ति जो मोतियाबिंद के संभावित मरीज हो सकते हैं, उन्हें सबसे पहले हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर तक भेजेंगे। वेलनेस सेंटर में मोतियाबिंद की स्क्रीनिंग होगी। जहां से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजकर मोतियाबिंद की प्रारंभिक जांच करायी जाएगी।
सीएचसी में नेत्र सहायकों की जांच में मोतियाबिंद पाए जाने पर मरीज को जिला स्तर पर सदर अस्पताल या स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा संचालित आई हॉस्पिटल में नेत्र रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच की जाएगी। जांच में मोतियाबिंद की पुष्टि होने पर सामान्य तौर पर वहीं ऑपरेशन किया जाएगा। गंभीर मरीजों को मेडिकल कॉलेज भेजा जाएगा।
आज गुरुवार यानी 16 जून से जांच व ऑपरेशन का अभियान चलेगा। जबकि, 22 जून से फॉलोअप शुरू किया जाएगा। जिसमें ऑपरेशन के सातवें दिन नेत्र सहायकों के द्वारा मरीज की पहली जांच की जाएगी एवं 45 दिन में दूसरी जांच की जाएगी। यह अभियान पूरे वर्ष चलेगा।
झारखंड में मोतियाबिंद के 6.58 लाख मरीज
वर्ष 2015-16 में केंद्र सरकार द्वारा कराए गए सर्वेक्षण के अनुसार झारखंड में मोतियाबिंद के 6.58 लाख मरीज हैं। राष्ट्रीय नेत्र ज्योति अभियान के तहत राज्य में मोतियाबिंद के 6.58 लाख बैकलॉग को समाप्त करना है। वर्ष 2019-20 से हर वर्ष 2.17 लाख मोतियाबिंद ऑपरेशन का लक्ष्य तय किया गया है। लक्ष्य के विरुद्ध 2019-20 में मोतियाबिंद के 1,60,619 ऑपरेशन किए गए। वहीं, 2020-21 में 1,33,912 एवं 2021-22 में 2,15,203 ऑपरेशन किए गए। वर्ष 2024-25 तक बैकलॉग समाप्त करना है। इस अभियान का लक्ष्य है कि दृष्टिहीनता नियंत्रण के लिए मिशन मोड में समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर अंधापन की दर को 0.25 प्रतिशत तक लाना है।