Murder in Love Affair: चाकू गोदकर प्रेमिका के पति की हत्या, पत्नी समेत 3 गिरफ्तार
Jharkhand News चाकू के साथ हत्यारोपित गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक के परिजनों के अनुसार विनय मोची की पत्नी से बिट्टू भुइयां का कई वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पलामू, जासं। झारखंड के पलामू जिले में एक व्यक्ति ने अपनी प्रेमिका के पति की चाकू घोंपकर हत्या कर दी है। घटना जिले के पांकी थाना क्षेत्र के डंडारकला गांव की है। यहां के 28 वर्षीय विनय मोची की चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है। घटना के बाद पुलिस ने पत्नी समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों ने गांव के ही बिट्टू भुइयां पर चाकू घोंपकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पांकी थाना पुलिस ने हत्यारोपित बिट्टू भुईयां को चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के स्वजनों के अनुसार विनय मोची की पत्नी से बिट्टू भुइयां का कई वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इधर पुलिस गहनता से पूरे मामले की जांच में जुट गई है। घटना शनिवार देर रात की है।
मृतक विनय की पत्नी और गांव के बिट्टू भुइयां के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। विनय मोची की पत्नी का चार दिन पूर्व ही बंध्याकरण हुआ था। शनिवार को विनय का किसी बात पर पत्नी से झगड़ा हुआ। उसने पत्नी की पिटाई कर दी। बिट्टू को यह नागवार गुजरा। विनय के घर पहुंचा। गाली गलौज करते हुए स्वजन से मारपीट करने लगा। सूचना मिलने पर विनय आरोपित के घर पूछताछ करने गया। वहां बिट्टू ने चाकू से और उसके पिता ने चैन से विनय पर हमला कर दिया।
इससे विनय गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इलाज के लिए पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव के लोगों ने आरोपित बिट्टू को पकड़ कर बांध दिया। इसके बाद पिटाई कर दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पहुंच कर बिट्टू को भीड़ की हिंसा से बचाया। उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में बिट्टू, उसके पिता व मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है।