झारखंड: खूंटी में युवक की गोली मारकर हत्या, घर से बुलाकर ले गए थे अपराधी
कर्रा थाना क्षेत्र के लारता डहुटोली निवासी पिता पोटय महली के 25 वर्षीय पुत्र महेश महली की गुुरुवार की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई।
खूंटी, जासं। कर्रा थाना क्षेत्र के लारता डहुटोली निवासी पिता पोटय महली के 25 वर्षीय पुत्र महेश महली की गुुरुवार की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पत्नी ने कर्रा थाना में दो नामजद समेत एक अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस हत्यारों की तलाश में छापामारी कर रही है। घटना के संबंध में मृतक महेश महली की पत्नी रेशमी ने बताया कि गत गुरुवार की रात 8.30 बजे वह अपने पति व बच्चे के साथ कमरे में थी। अचानक बाहर से पति का नाम लेकर आवाज आई तो मैंने दरवाजा खोल दिया। दरवाजा खुलते ही दो युवक तिरला ग्राम निवासी रूपेश कुमार सिंह व ग्राम सुमुन्द्र निवासी नन्दकिशोर गोप घर मे घुस गए।
दोनों उसके पति को जबरदस्ती घर से बाहर ले जाने लगे। वह गिड़गिड़ाती रही मगर उन लोगों पर कोई असर नहीं हुआ और वे महेश को लेकर घर से बाहर निकल गए। इसके बाद वह भी उन लोगों के पीछे-पीछे गई। करीब 75 मीटर की दूरी पर एक मोटरसाइकिल खड़ी थी और वहां एक अज्ञात युवक भी खड़ा था। वहां पहुंचकर रूपेश ने मुझसे वापस लौट जाने को कहा, लेकिन वह नहीं मानी। इसी बीच रूपेश ने उसके पति के सीने पर गोली दाग दी। इससे डरकर वह भागकर अपने घर चली आई और घर वालों को घटना की जानकारी दी। कुछ देर बाद एक और गोली चलने की आवाज सुनाई पड़ी। जब माहौल शांत हो गया तो घर के सभी लोग मौके पर पहुंचे।
वहां उसका पति खून से लथपथ जमीन में पड़ा था। उसके सिर के चीथड़े उड़ गए थे। इसके बाद कर्रा थाना को सूचना दी गयी। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। कर्रा पुलिस ने हत्यारों को ढूंढने के लिए रातभर पूरे क्षेत्र में छापामारी अभियान चलाया मगर कोई सफलता नहीं मिली। शुक्रवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
कर्रा थाना प्रभारी मुन्ना कुमार सिंह ने बताया कि मृतक महेश महली के खिलाफ कर्रा थाना में लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। वह इन मामलों में जेल भी जा चुका था। सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। बहुत जल्द हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।