'पापा मैं हूं ना; आप सो जाओ...', रांची में रातभर देखभाल करता रहा बेटा, सुबह उसी बीमार पिता ने ले ली जान
रांची के बेड़ो प्रखंड में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मानसिक रूप से बीमार ...और पढ़ें

बीमार पिता ने कुल्हाड़ी से काटा (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
मानसिक बीमार पिता ने 17 वर्षीय बेटे की कुल्हाड़ी से हत्या की।
बेटा रातभर जागकर पिता की देखभाल करता था।
सुबह थकान के कारण सोए बेटे पर हमला हुआ।
संवाद सूत्र, बेड़ो। प्रखंड के नरकोपी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसे सुनकर किसी की भी आंखें नम हो जाएं। यहां एक मानसिक रूप से बीमार पिता ने अपने ही 17 वर्षीय इकलौते बेटे की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। यह बेटा हर रात अपने बीमार पिता की पहरेदारी करता था ताकि वे घर से बाहर न चले जाएं।
सोते हुए बेटे की खौफनाक तरीके से ली जान
ग्रामीणों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी पिता देवनाथ उरांव (38) की मानसिक स्थिति पिछले कुछ दिनों से बिगड़ चुकी थी। वह अक्सर रात के वक्त घर से भागने की कोशिश करता था। पिता की इस लाचारी को देखकर उसका 17 वर्षीय बेटा नितेश उरांव अपनी नींद की कुर्बानी दे देता था और रातभर जागकर पिता की देखभाल करता था।
सोमवार की रात भी नितेश ने पूरी रात जागकर अपने पिता की रखवाली किया। मंगलवार सुबह करीब चार बजे लगातार जागने और थकान के चलते नितेश की आंख लग गई। इसी दौरान पिता ने घर में रखी कुल्हाड़ी से सो रहे बेटे के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।
गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण नितेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक नरकोपी स्थित मॉडर्न पब्लिक स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र था।
मां समझती रही कि दीवार तोड़ रहे हैं पति
जिस वक्त यह वारदात हुई, मृतक की मां घर के दूसरे कमरे में खाना बना रही थी। कुल्हाड़ी की आवाज सुनकर उसे लगा कि पति रोज की तरह घर की दीवार या सामान तोड़ रहे हैं। उसे अंदाजा भी नहीं था कि बगल के कमरे में उसका जवान बेटा मौत की नींद सुलाया जा रहा है।

कुछ देर बाद आरोपी पिता खुद बाहर आया और ग्रामीणों को बताया कि उसने अपने बेटे को मार डाला। यह सुनते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही नरकोपी थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार टुडू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रांची रिम्स भेज दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा है और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें- गैंगस्टर प्रिंस खान की तरह राहुल दुबे और राहुल सिंह भी विदेश से संचालित कर रहा गिरोह, रेड कॉर्नर नोटिस जारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।