इंटर कॉलेज यूथ फेस्ट का चैंपियन बना मारवाड़ी कॉलेज
इंटर कॉलेज यूथ फेस्ट में मारवाड़ी कॉलेज चैंपियन बना। दूसरे स्थान पर रांची वीमेंस कॉलेज एवं तीसरे स्थान पर गोस्सनर कॉलेज रहा।
जागरण संवाददाता, रांची : इंटर कॉलेज यूथ फेस्ट में मारवाड़ी कॉलेज चैंपियन बना। इसे 68 प्वाइंट मिले। रांची वीमेंस कॉलेज 65 प्वाइंट के साथ फर्स्ट रनरअप व गोस्सनर कॉलेज 64 प्वाइंट लाकर सेकेंड रनरअप बना। गोस्सनर कॉलेज में दो दिनों से चल रहे रांची विवि के इंटर कॉलेज यूथ फेस्ट 'अखड़ा' का समापन शुक्रवार को हुआ। विजेताओं को मुख्य अतिथि राची विवि की प्रति कुलपति डॉ. कामिनी कुमार, डीएसडब्ल्यू डॉ. पीके वर्मा व कुलसचिव डॉ. अमर कुमार चौधरी ने ट्रॉफी और सर्टिफिकेट देकर पुरस्कृत किया। प्रतिकूलपति ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि अब चैंपियन टीम ईस्ट जोन फेस्ट में बेहतर प्रदर्शन कर विजेता बनें। मौके पर एनएसएस स्टेट हेड डॉ. ब्रजेश कुमार, सांस्कृतिक कार्यक्रम समन्वयक डॉ. कमल कुमार बोस, प्राचार्य डॉ. सिद्धार्थ कुमार एक्का, फेस्ट को- ऑर्डिनेटर डॉ पीके डेविड, डॉ ईआर टुडु , डॉ ईवा मार्गरेट हासदा, प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार, डॉ. प्रशांत गौरव सहित अन्य थे। इधर मारवाड़ी कॉलेज के टीम मैनेजर डॉ. कुमार एएन शाहदेव ने चैंपियन बनने पर कहा कि यह छात्र-छात्राओं की मेहनत व प्राचार्य डॉ. यूसी मेहता के बेहतर प्रबंधन के बदौलत संभव हुआ। समापन समारोह में खूब झुमाया
समापन समारोह में छात्र-छात्राओं ने ऐ वतन मेरे वतन..। संदेशे आते हैं..। ऐ रे मोर झारखंड लेई ले जोहार ले.. जैसे गीतों पर खूब झुमाया। जजेज मृणालिनी अखौरी और मधुसूदन गागुली थे। वन एक्ट प्ले में हुल एक गाथा, अंडे के छिलके, कर्तव्य जैसे एक्ट प्रस्तुत किए गए। वहीं वेस्टर्न ग्रुप सॉन्ग में इंडियन और वेस्टर्न गानों का फ्यूजन दिखा। दो दिनी प्रतियोगिता में आरयू के 16 कॉलेजों के प्रतिभागियों ने विभिन्न इवेंट में प्रतिभा दिखाई। फेस्ट में कॉलेजों के लिए कोड था। पूरी पारदर्शिता बरती गई। ईस्ट जोन फेस्ट 11 से 15 तक
इंटर कॉलेज यूथ फेस्ट के चैंपियन मारवाड़ी कॉलेज की टीम ईस्ट जोन यूथ फेस्ट में भाग लेगी। इसका आयोजन गुवाहाटी में 11 से 15 नवंबर तक होना है। 40 सदस्यीय टीम 10 नवंबर को रवाना होगी। ये गुवाहाटी में 18 इवेंट में भाग लेगी। टीम के साथ मैनेजर के तौर पर कौन जाएंगे यह अभी तक तय नहीं है।